एक्शन में इंदौर प्रशासन, बेलेश्वर महादेव मंदिर के अवैध निर्माण पर सुबह 5 बजे चला बुलडोजर

सोमवार, 3 अप्रैल 2023 (08:46 IST)
इंदौर। पटेल नगर के जिस मंदिर में बावड़ी धंसने की वजह से रामनवमी के दिन 36 लोगों की मौत हुई थी, वहां सोमवार को इंदौर प्रशासन ने बड़ा एक्शन शुरू किया है। बलेश्वर महादेव मंदिर के अवैध निर्माण को ढहाने के लिए नगर निगम ने सोमवार सुबह कार्रवाई शुरू की।

सुबह करीब 6 बजे नगर निगम और पुलिस का बड़ा अमला यहां पहुंचा और मंदिर के अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान हंगामा या उपद्रव नहीं हो, इसलिए भारी फोर्स लगाया गया है। पांच से अधिक पोकलेन और जेसीबी मंदिर का अवैध निर्माण गिरा रही हैं। नगर निगम उपायुक्त, एडीम और अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए यहां जूनी इंदौर, भंवरकुंआ, रावजी बाजार सहित 4 थानों का फोर्स लगाया गया है।

सुबह 5 बजे से नगर निगम अमला यहां मौजूद है, हालांकि साढे 8 बजे तक महज दो प्रतिमाएं ही हट सकी हैं। मीडिया कवरेज भी रोका गया था, हालांकि बाद में मीडिया को कवरेज करने की इजाजत दी गई। यहां पांच पोकलेन मशीनें हैं, लेकिन मंदिर में स्थापति प्रतिमाएं हटाने का काम बेहद धीमी रफ्तार से हो रहा है। तीन घंटे में प्रशासन सिर्फ दो प्रतिमाएं ही हटा पाया। 
Edited By Navin Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी