कर्नाटक की तरह मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस को मिलेगा बजरंग बली का आशीर्वाद, बोले कमलनाथ, दक्षिण भारत ने उत्तर भारत को दिखाई दिशा

विकास सिंह

शनिवार, 13 मई 2023 (21:50 IST)
भोपाल। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद चुनावी राज्य मध्यप्रदेश में कांग्रेस आज नए जोश में दिखाई दी। प्रदेश कांग्रेस दफ्तर पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजदूगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया।

कर्नाटक में कांग्रेस की जीत के बाद कांग्रेस दफ्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में भी चुनावी नतीजे कर्नाटक की तरह होंगे। कमलनाथ ने कहा कि कर्नाटक में  बजरंग बली और कांग्रेस के कार्यकर्ता की जीत हुई है। अब कर्नाटक के बाद मध्यप्रदेश में भी बजरंगबली का आशीर्वाद कांग्रेस को मिलेगा। कमलनाथ ने कहा कि दक्षिण भारत ने उत्तर भारत को दिशा दिखाई है।

वहीं कमलनाथ ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूरा जोश कर्नाटक में लगा दिया लेकिन जितनी सीटें कांग्रेस को मिली उसकी आधी सीट भी भाजपा को नहीं मिली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कर्नाटक में जिन 8 सीटों पर प्रचार किया था उसमें भाजपा 6 सीटे हार गई। कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मधुगिरी और चल्लेकेरे विधानसभाओं में प्रचार किया परिणामस्वरूप दोनों विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी तीसरे नंबर पर रहे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव प्रचार के लिए बेल्लारी भी गए थे, जहां बेल्लारी ग्रामीण और बेल्लारी शहर की दोनों सीट कांग्रेस प्रत्याशियों ने बड़े अंतर से जीती। इसके अलावा रामदुर्गा सीट पर भी शिवराज सिंह ने भाजपा का प्रचार किया यहां भी कांग्रेस प्रत्याशी को जीत मिली है। वहीं बेलगांव जिले की गोकक सीट और हुक्के रिसेट पर शिवराज सिंह चौहान ने प्रचार किया जहां भाजपा प्रत्याशी जीतने में सफल हुए हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी