गजब हैं मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री तोमर, भीड़ भरी सड़क पर भैंस घुमाते नजर आए...

मंगलवार, 12 अक्टूबर 2021 (18:33 IST)
मध्यप्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का कोई जोड़ नहीं। वे कुछ न कुछ ऐसा कर गुजरते हैं कि मीडिया का ध्यान उन पर चला ही जाता है। दरअसल, एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मंत्री भैंस घुमाते हुए दिख रहे हैं। हालांकि यह भैंस मंत्रीजी की नहीं थी, वे तो बच्चे के साथ भटक रही भैंस को उनके घर तक छोड़ आए। 
 
मध्यप्रदेश के मंत्री प्रद्युम्न ‍सिंह तोमर पहले भी कई कौतुक कर चुके हैं। कभी वे सफाई करने के लिए नाले में उतर जाते हैं, तो कभी बिजली सप्लाई ठीक करने के लिए ट्रांसफॉर्मर से बेल हटाते हुए नजर आ जाते हैं। अब उनका यह नया रूप है, जिसमें वे भैंस के साथ नजर आ रहे हैं।  
 
यह घटना सोमवार शाम की है। मंत्री जी ग्वालियर के चंद्र नगर से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर एक बच्चे पर पड़ी जो भैंस को ले जा रहा था। यह देखकर मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और गाड़ी से उतकर भैंस की रस्सी बच्चे के हाथ से अपने हाथ में ले ली। सिंह बच्चे को उसकी भैंस के साथ उसके घर तक छोड़ कर आए।
इस दौरान एक अलग ही नजारा देखने को मिला। भीड़ भरे रास्ते पर मंत्री जी एक भैंस की रस्सी थामें पैदल जाते दिखाई दिए और उनके समर्थक पीछे-पीछे। इससे एक दिन पहले गुना प्रवास के दौरान जब बजरंग गढ़ रोड पर मंत्री जी की गाड़ी गड्‍ढों में झटके खाने लगी तो उन्होंने तत्काल गाड़ी से उतरकर गुना कलेक्टर को फोन लगाया और खराब रोड के लिए फटकार लगाई। इतना ही नहीं उन्होंने कलेक्टर से फोन पर कहा आप फावड़ा और तसला (तगारी) ले आइए, मैं सिर पर ढोकर गड्ढे भर दूंगा। 
 
क्या कहा कांग्रेस ने : दूसरी ओर, मंत्रीजी के वीडियो पर प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा प्रदेश में बिजली संकट है और मंत्रीजी भैंस घुमा रहे हैं। सिंह ने कहा कि वे कांग्रेस में थे तो मान-सम्मान था। अब भाजपा में कोई पूछ-परख बची नहीं, इसलिए भैंस ही घुमा रहे हैं। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी