MP में बाढ़ से 10 हजार करोड़ का नुकसान, केंद्रीय दल करेगा नुकसानी का आकलन

सोमवार, 16 सितम्बर 2019 (18:00 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव एसआर मोहंती ने राज्य में बाढ़ की स्थिति पर सोमवार को अपना बयान जारी कर कहा कि अब तक करीब 10 हजार करोड़ रुपए की नुकसानी का आकलन सामने आया है। 19 और 20 सितंबर को केंद्र सरकार की एक टीम राज्य में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी।
ALSO READ: बाढ़ में फंसे लोगों को 6 दिन बाद मिला इलाज, कई को निकाला रेस्क्यू ऑपरेशन करके
गांधीसागर बांध पूरी तरह सुरक्षित : मोहंती के अनुसार बाढ़ से सर्वाधिक प्रभावित मंदसौर जिले का गांधीसागर बांध पूरी तरह सुरक्षित है और उसमें अभी करीब 10 फुट और पानी आ सकता है। गांधीसागर की स्थिति को लेकर राजस्थान के अधिकारियों से भी चर्चा हुई है। वर्तमान में उसमें 1,315 फीट तक पानी है। पानी लगातार उतर भी रहा है।
ALSO READ: मंदसौर में भारी बारिश, पशुपतिनाथ मंदिर तक पहुंचा बाढ़ का पानी, सेल्फी ने ली 2 की जान
केंद्रीय दल करेगा दौरा : उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की टीम 19 और 20 सितंबर को राज्य में आकर नुकसान का आकलन करेगी। केंद्र की टीम 2 संभागों में दौरा करेगी। इसके लिए भोपाल और उज्जैन संभाग को चिह्नित किया गया है। राज्य के प्रशासनिक अमले ने 7 दिन पहले से आकलन शुरू कर दिया है। राजस्व विभाग लगातार अपने काम में जुटा हुआ है।
फसलों को हुआ 8 हजार करोड़ का नुकसान : मोहंती ने कहा कि बाढ़ से राज्य में फसलों को हुए नुकसान के अनुमानित आकलन के मुताबिक करीब 8 हजार करोड़ रुपए का फसलों का नुकसान अब तक हुआ है। अन्य विभागों को करीब 1,800 से 2 हजार करोड़ रुपए का नुकसान अनुमानित है। इस प्रकार राज्य में करीब 10 हजार करोड़ रुपए के नुकसान का आकलन है। यह आंकड़ा और बढ़ भी सकता है।
 
राहत और बचाव कार्य जारी : उन्होंने बताया कि नीमच और मंदसौर जिलों में कलेक्टर लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। भिंड, मुरैना और श्योपुर पर भी प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है। बाढ़ राहत के लिए करीब 8 से 10 दिन में केंद्र से राहत मिलने की उम्मीद है। (सांकेतिक चित्र)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी