CM चेहरे पर कमलनाथ को मिला दिग्विजय सिंह का साथ, संगठन की मजबूती पर किया फोकस

विशेष प्रतिनिधि
बुधवार, 12 अप्रैल 2023 (15:45 IST)
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह एक्शन में है। पार्टी लगातार अपनी चुनावी प्लानिंग को जमीन पर उतार रही है। चुनावी तैयारी में जुटी कांग्रेस में पिछले  कई दिनों से मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। पार्टी संगठन जहां कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर पेश कर रहा था तो दूसरी ओर पार्टी के कई बड़े नेता कमलनाथ की मुख्यमंत्री दावेदारी पर सवाल उठा रहे थे। वहीं अब कमलनाथ को खुलकर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का साथ मिल गया है। दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ के मुख्यमंत्री बनने की भविष्यवाणी तीन दिन में तीसरी बार की है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय खुलकर कमलनाथ के समर्थन में आ गए है और उन्होंने साफ कह दिया है कि कांग्रेस विधानसभा चुनाव जीतेगी और कमलनाथ ही मुख्यमंत्री होंगे। सागर के सुरखी में मीडिया से बात करते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि 2023 नवंबर-दिसंबर में जब शपथ होगी तो वह कमलनाथ जी की होगी। वहीं दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में सात लोग शूट सिलवाए बैठे है कि कब मौका मिल जाए लेकिन मौका नहीं मिलेगा। 2023 नवंबर-दिसंबर में शपथ ग्रहण होगी तो कमलनाथ की होगी।  

इससे पहले मंगलवार को बीना पहुंचे दिग्गिजय सिंह ने कहा कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े से ऊपर जाकर बहुमत से सरकार बनाएगी। वहीं मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उन्होंने बेबाकी से कहा कि हमारा एक ही चेहरा हैं वो हैं कमलनाथ।

CM चेहरे को लेकर उठे थे सवाल?-कमलनाथ का दिग्विजय सिंह के समर्थन में बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस में सीएम चेहरे को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे थे। मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री बताने पर कांग्रेस के दिग्गज नेता अजय सिंह और अरूण यादव ने सवाल उठा दिए थे। पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा था कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने की परंपरा नहीं है और चुनाव के बाद विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री पर फैसला होता है। वहीं इससे पहले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के वरिष्ठ नेता अरुण यादव ने भी कमलनाथ को भावी मुख्यमंत्री कहे जाने पर सवाल खड़े किए थे। 

एकजुटता का दिलवा रहे संकल्प-मध्यप्रदेश की सियासत में जमीनी पकड़ रखने वाले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इन दिनों संगठन को मजबूती देने के साथ पार्टी जिन क्षेत्रों में लगातार चुनाव हार रही है वहां पर अपना फोकस कर दिया है। दिग्विजय सिंह इन दिनों प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटे हुए है। 2018 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जिन सीटों पर हार का सामना करना पड़ा था, दिग्विजय सिंह उन सीटों पर पहुंचकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की बैठक कर रहे है।

दिग्विजय सिंह मंडलम सेक्टर की बैठक में शामिल होकर ब्लॉक, उप ब्लॉक, मंडलम, सेक्टर और बीएलए स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर रहे है। दिग्विजय सिंह बूथ पर कार्यकर्ताओं को एकजुटता का पाठ पढ़ाते हुए कह रहे है कि अगर कार्यकर्ता एकजुट होकर काम करेंगे तो पार्टी की जीत सुनिश्चित है। दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करके उनसे चुनाव की तैयारियों को लेकर सुझाव भी मांग रहे है। बैठक के अंत में दिग्विजय सिंह कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी उम्मीदवार को जिताने का संकल्प भी दिला रहे है।

सम्बंधित जानकारी

अगला लेख