कांग्रेस द्वारा महिला हेल्पलाइन की शुरुआत

शुक्रवार, 1 जुलाई 2016 (21:30 IST)
इंदौर। मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश भर में हो रहे महिला उत्पीड़न को रोकने के लिए एक 'महिला हेल्पलाइन' का गठन किया है। प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश सरकार महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने में पूरी तरह से विफल रही है और देखने में आया है कि प्रदेश के किसी न किसी कोने में आए दिन महिला उत्पीड़न की घटनाएँ घटित हो रही हैं। ऐसे में मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस का दायित्व है कि वो सिर्फ सरकार के भरोसे, न रहकर स्वयं पीड़ित महिलाओं तक अपनी पहुँच बनाए।
सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में 'महिला हेल्पलाइन' एक टास्कफोर्स की तरह काम करेगी। महिला कांग्रेस द्वारा गठित इस महिला हेल्पलाईन का मकसद महिलाओं पर होने वाले उत्पीड़न को रोकना है। संगठन द्वारा इस महिला टास्कफोर्स में शामिल महिलाओं को मोबाइल सिम प्रदान की जाकर त्वरित गति से उन्हें पीड़ितों तक पहुँचने पर बल दिया गया है। 
 
इसके लिए प्रदेश महिला कांग्रेस कमेटी ने संगठन की सशक्त महिलाओं को पूरे प्रदेश में समान रूप से विभक्त कर क्षेत्रवार दायित्व सौंपा है। इस सिलसिले में इन्दौर जिले के ग्रामीण क्षेत्र की जवाबदारी प्रदेश महिला कांग्रेस की सचिव श्रीमती मंजु चतुर्वेदी को सौंपी गई है। किसी भी प्रकार के महिला उत्पीड़न के प्रकरण में पीड़िता श्रीमती मंजु चतुर्वेदी से मोबाइल नम्बर 7471150022 पर संपर्क कर सकती हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें