मोहन कैबिनेट ने राम मंदिर निर्माण के लिए पीएम मोदी का आभार जताया

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 19 फ़रवरी 2024 (13:35 IST)
Madhya Pradesh cabinet meeting : मध्य प्रदेश में सोमवार को मंत्रालय में 'वन्दे मातरम्' गायन के साथ मंत्रिपरिषद की बैठक प्रारम्भ हुई। कैबिनेट की बैठक में मंत्रिमंडल के साथियों के साथ प्रदेश के विकास एवं जनता के कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। 
 
इस अवसर पर मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर में श्री रामलला जी की प्राण प्रतिष्ठा के अनुपम कार्य के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देता हूं, अभिनन्दन करता हूं। 
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के पश्चात यह ऐसा बड़ा प्रथम घटनाक्रम है, जिसमें सर्वोच्च न्यायालय के महत्वपूर्ण फैसले के क्रियान्वयन में सभी धर्म के प्रतिनिधियों की सहमति और सामाजिक सद्भाव का एक बड़ा उदाहरण हमारे सामने आया है। मध्यप्रदेश मंत्रिपरिषद सामूहिक रूप से प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त करती है।
 
विद्यासागर जी को श्रद्धांजलि : कैबिनेट बैठक के प्रारंभ में ब्रह्मलीन संत 108 आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया। मुख्‍यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि आचार्य श्री का चिंतन राष्ट्र एवं समाज के कल्याण के लिए था। वह ऐसी विभूति थे, जिन्होंने मानवता के कल्याण का मार्ग दिखाया और अनेक आदर्श स्थापित किए। उनके विचार और शिक्षा सदैव हमें मानव सेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
 
गौशालाओं के लिए राशि और मानदेय वृद्धि का निर्णय शीघ्र : मुख्यमंत्री ने आज मंत्रिपरिषद की बैठक से पहले कहा कि अक्सर वर्षा काल में प्रमुख सड़कों और राजमार्गों पर गौमाता के बैठे रहने की घटनाएं सामने आती हैं। गौमाता दुर्घटनाओं का शिकार भी हो जाती हैं। ऐसी व्यवस्था आवश्यक है कि गौमाता सड़कों पर न दिखें, इसके लिए गौशालाओं के लिए राशि और मानदेय वृद्धि का निर्णय जल्द ही लिया जाएगा।  (वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी