पीएम मोदी पर अपमानजनक टिप्पणी पर पटना में बवाल, भाजपा कांग्रेस कार्यकर्ता भिड़े, जमकर चले लाठी और पत्थर
Bihar news in hindi : राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की वोटर अधिकार यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी पर बिहार में बवाल मच गया। राजधानी पटना में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दोनों ओर से जमकर लाठियां और पत्थर चले। इसमें कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की खबर है।
भाजपा नेता और बिहार सरकार में मंत्री संजय सरावगी ने कहा कि ये कांग्रेस की गुंडागर्दी है। हम लोग तो शांतिपूर्ण मार्च निकाल रहे थे लेकिन ये लोग 2005 का जो गुंडागर्दी वाला बिहार था आज उसी बिहार को लाने की कोशिश कर रहे हैं। हमारे कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। 2005 का बिहार बनाना चाहते हैं लेकिन ये NDA का बिहार है।
बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने कहा कि मैं कांग्रेस के नेताओं को चेतावनी देता हूं। आपने मां का अपमान किया है, एक-एक बिहार बेटा आपको इसका जवाब देगा। आपने प्रधानमंत्री का अपमान किया है, एक-एक भाजपा कार्यकर्ता इसका बदला लेगा। हम प्रदर्शन करने आए थे। शांतिपूर्ण प्रदर्शन था लेकिन कांग्रेस कार्यालय के अंदर से ईंट और पत्थर चलाए जा रहे हैं। हम मां के अपमान का बदला लेकर रहेंगे।
दरभंगा में भी भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन : दरभंगा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गांधी और यादव के पुतले फूंके। दरभंगा में एक कांग्रेस नेता ने माफी मांगी, लेकिन कहा कि अपशब्द उनकी अनुपस्थिति में कहे गए थे। उन्होंने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो दरभंगा के बाहरी इलाके में उनके द्वारा स्थापित एक मंच का था।
क्या बोले सीएम नीतीश कुमार : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य में राहुल गांधी की 'वोटर अधिकार यात्रा' के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बारे में कहे गए कथित अपशब्दों की शुक्रवार को निंदा की। मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दरभंगा में मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस और राजद के मंचों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल बेहद अशोभनीय है और मैं इसकी निंदा करता हूं।