माउंट आबू राजस्थान में अरावली पर्वत पर विविधता लिए हुए एक अनोखा स्थल है, जो आपको प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ आध्यात्मिक शांति भी प्रदान करता है। यह राजस्थान के राजपूत नरेशों का गर्मियों का स्वास्थ्यवर्धक पर्वतीय स्थल था।
माउंट आबू से बहुत-सी पौराणिक कथाएं जुड़ी हुई हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार यह वही स्थल है, जहां महान ऋषि वशिष्ठ रहा करते थे। इसे ऋषियों-मुनियों का आवास स्थल माना जाता है।
अधर देवी मंदिर :
शहर से लगभग 3 किलोमीटर उत्तर में विशाल चट्टान को काट कर बनाया गया है अधर देवी का मंदिर। करीबन 365 सीढ़ियां चढ़कर जाने के बाद आपको मंदिर के सबसे छोटे निचले द्वार से जाने के लिए झुक कर गुजरना पड़ता है। यह पर्यटकों का प्रिय स्थल है।
गुरु शिखर :
FILE
शहर से 15 किलोमीटर दूर राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन की यह सबसे ऊंची चोटी है। गुरु शिखर समुद्र स्तर से लगभग 1722 मीटर ऊपर बसा हुआ है। इस चोटी पर चढ़ने का और वहां से नजारे देखने का अपना ही लुत्फ है।
दिलवाड़ा जैन मंदिर :
जैनियों के पहले तीर्थंकर (जैनी प्रचारक) आदिनाथ को समर्पित दिलवाड़ा मंदिर परिसर में उत्कृष्ट नक्काशीवाले संगमरमर के 2 विशाल मंदिर शामिल हैं। मध्य में स्थित मंदिर में आदिनाथ की प्रतिमा स्थापित है। यहां वर्ष भर जैन धर्मावलंबियों के अलावा अन्य धर्मालुओं का आना-जाना लगा रहता है।
रघुनाथ मंदिर :
नक्की झील के पास रघुनाथ जी का मंदिर है। इसमें रघुनाथ जी की खूबसूरत प्रतिमा है। यह 14वीं शताब्दी में हिंदुओं के जाने-माने प्रचारक श्री रामानंद द्वारा प्रतिष्ठित की गई थी।
गौमुख मंदिर :
यहां के गौमुख मंदिर तक पहुंचने के लिए आपको घाटी में 750 सीढ़ियां चढ़नी नहीं बल्कि नीचे उतरनी पड़ती हैं। माउंट आबू के नीचे आबू रोड की तरफ संगमरमर की गाय के मुंह से एक छोटी नदी बाहर आती है और इस मंदिर का नाम इसी पर पड़ा है।
वहां शिव के वाहन नंदी बैल की संगमरमर की एक प्रतिमा भी है। कहा जाता है कि यहां का अग्नि कुंड भी वशिष्ठ मुनि ने बनाया था। वशिष्ठ की मूर्ति के एक तरफ राम, तो दूसरी तरफ कृष्ण की प्रतिमा है।
बागबगीचे व पार्क :
FILE
इस पहाड़ी स्थल में जगह-जगह खूबसूरत बाग-बगीचे बनाए गए हैं। इनमें अशोक वाटिका, गांधी पार्क, म्युनिसिपल पार्क, शैतान सिंह पार्क और टैरस गार्डन प्रमुख माने जाते हैं।
ब्रह्म कुमारी शांति पार्क :
यह उद्यान बहुत ही शांत और खूबसूरत है। इसके प्राकृतिक वातावरण में शांति और मनोरंजन दोनों का एक साथ आनंद लिया जा सकता है। शांति पार्क अरावली पर्वत की 2 विख्यात चोटियों के बीच बना हुआ है। यह पार्क माउंट आबू में ब्रह्म कुमारी मुख्यालय से 8 किलोमीटर दूर प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर स्थल है।
सनसेट पॉइंट :
FILE
माउंट आबू के पर्यटन कार्यालय से 1.5 किलोमीटर दूर सनसेट पॉइंट है, जो कि बहुत लोकप्रिय है। यहां सूर्यास्त के दृश्य को देखने के लिए हर शाम भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। चाहें तो आप यहां घोड़े से भी जा सकते हैं। यहां के रेस्तरां और होटलों में लोगों की भीड़ रहती है।
हनीमून पॉइंट :
गणेश रोड से 2.5 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिम में हनीमून पॉइंट है, जिसे अंद्रा पॉइंट भी कहते हैं। यह पॉइंट हरीभरी घाटियों और मैदानों का मोहक दृश्यों से घिरा हुआ है। खासतौर पर शाम के समय नक्की झील के पास से जाना बड़ा ही खुशगवार लगता है। इसके अलावा यहां कई ऐसे पॉइंट हैं, जहां से आप इस सारे क्षेत्र की खूबसूरती का आनंद ले सकते हैं।
संग्रहालय और कला वीथिका :
इस संग्रहालय की आकर्षक वस्तुओं में छठी शताब्दी से 12वीं शताब्दी तक की देवदासियों और नर्तकियों की नक्काशी की हुई श्रेष्ठ मूर्तियां हैं। यह संग्रहालय दो भागों में बंटा हुआ है।
पहले भाग में स्थानीय आदिवासियों की झोपड़ी का चित्रण है। इसमें उनकी सामान्य जीवन शैली दर्शाई गई है। उनके हथियार, वाद्ययंत्र, महिलाओं के जेवर, कान के झुमके और परिधान वगैरह यहां रखे गए हैं।
दूसरे भाग में नक्काशी की कुछ वस्तुएं रखी गई हैं। और राग-रागनियों पर आधारित कई लघु चित्र, सिरोही की कई जैन मूर्तियां, दरम्याने आकार की ढालें रखी गई हैं।
FILE
कैसे पहुंचे :-
रेल मार्ग से : आबू रोड पर बने रेलवे स्टेशन से माउंट आबू तक आने तक 2 घंटे का समय लगता है। पश्चिम और उत्तर रेलवे की लंबी दूरीवाली महत्वपूर्ण गाड़ियां यहां अवश्य ठहरती हैं। यह अहमदाबाद, दिल्ली, जयपुर और जोधपुर से जुड़ा है। माउंट आबू की पहाड़ से 50 मील उत्तर-पश्चिम में भिन्नमाल स्थित है।
हवाई मार्ग से : उदरपुर हवाई अड्डा इसके सबसे नजदीक है। यह माउंट आबू से 185 किलोमीटर दूर है। यहां से पर्यटक सड़क मार्ग से माउंट आबू तक जा सकते हैं।
सड़क मार्ग से : माउंट आबू सड़क मार्ग से जुड़ा हुआ है। यह नेशनल हाइवे नंबर 8 और 14 के नजदीक है। एक छोटी सड़क इस शहर को नेशनल हाइवे नंबर 8 से जोड़ती है। दिल्ली के कश्मीरी गेट बस अड्डे से माउंट आबू के लिए सीधी बस सेवा है। राजस्थान राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें दिल्ली के अलावा अनेक शहरों से माउंट आबू के लिए अपनी सेवाएं मुहैया कराती हैं। अच्छी सड़कें होने के कारण टैक्सी से भी जा सकते हैं।
कहां ठहरें : यहां 5 सितारा होटल की सुविधावाले होटल नहीं है, लेकिन 2-4 सितारोंवाले होटल अच्छे हैं। इसके अलावा गेस्ट हाउस में भी ठहरा जा सकता है।