राजस्थान के चूरू में पारा पहुंचा 45 डिग्री

शुक्रवार, 11 जुलाई 2014 (23:00 IST)
FILE
जयपुर। राजस्थान के चूरू में पारा एक डिग्री की वृद्धि के साथ 45 डिग्री पर पहुंच गया। चुरू राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में प्रदेश में फिलहाल गर्मी से राहत की किसी भी संभावना से इंकार किया है।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 42.8, पिलानी 42.7, कोटा और बीकानेर 42.6, बाडमेर 41.4, जोधपुर और चित्तोडगढ़ 41.2, अजमेर और जैसलमेर 41 और उदयपुर में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने बताया कि राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान एक डिग्री की बढ़त के साथ 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री ऊपर 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि गत 24 घंटों के दौरान शाहपुरा और बकानी में तीन-तीन सेंटीमीटर, वल्लभनगर, रामगंज मंडी और भीलवाड़ा में दो-दो सेंटीमीटर, मांडल, कोटडी, मावली, बनेरा, गोपालसागर, बढेसर, आमेट, असनावर और बिजोलिया में एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।

विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटों के दौरान पूर्वी हिस्सों के कुछ भागों में आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, बाकी जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। पंजाब और हरियाणा में भी बारिश नहीं हुई और गर्म हवाएं चलती रहीं। दोनों ही राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से कई डिग्री अधिक रहा। हरियाणा में 43.5 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ हिसार सबसे गर्म स्‍थान रहा।

इसके बाद भिवानी में अधिकतम तापमान 42.4, नरनौल में 42, अम्बाला में 39.6 और करनाल में 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंजाब में 42.2 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ अमृतसर सबसे गर्म जगह रहा। वहीं चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उत्तरप्रदेश के पश्चिमी इलाकों में तेज हवाएं चलती रहीं जबकि राज्य के पूर्वी क्षेत्र में दूरदराज की जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। लखनऊ स्थित मौसम विभाग के अनुसार चंदौली और गाजीपुर जिलों में कल शाम के बाद 4-4 सेंटीमीटर की बारिश हुई। वहीं जमानिया, लालगंज और मोहम्मदाबाद (गोहना) में 3-3 सेंटीमीटर और देवरिया में 2 सेंटीमीटर बारिश हुई।

राजस्थान के अधिकतर इलाकों में उमसभरा मौसम रहा जबकि अजमेर, कोटा और उदयपुर संभागों के दूरदराज की जगहों पर बारिश हुई। प्रदेश में 45 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ चुरू सबसे गर्म स्‍थान रहा।

हिमाचल प्रदेश के भी अधिकतर हिस्से मानसूनी बारिश से वंचित रहे जिसकी वजह से उमसभरा मौसम रहा। प्रदेश में 39.8 डिग्री सेल्सियस के अधिकतम तापमान के साथ उना सबसे गर्म स्‍थान रहा जबकि राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.4 और मनाली में 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें