मेजर वरदराजन, नायक नीरज को मरणोपरांत अशोक चक्र

सोमवार, 26 जनवरी 2015 (16:11 IST)
कश्मीर घाटी में आतंकवादियों का मुकाबला करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले मेजर जनरल मुकुंद वरदराजन और नायक नीरज कुमार सिंह को सोमवार को  मरणोपरांत अशोक चक्र प्रदान किया गया।
 
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने गणतंत्र दिवस परेड के दौरान मेजर वरदराजन और नायक सिंह के परिजनों को शांति के समय दिया जाने वाला यह सर्वोच्च सैन्य सम्मान प्रदान किया। देश के 66वें गणतंत्र दिवस समारोह में इन सपूतों की पत्नियों ने सम्मान ग्रहण किया। इस मौके पर अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थे।
 
राजपूत रेजीमेंट के अधिकारी मेजर वरदराजन ने पिछले साल अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया था। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उनकी मौत हो गई थी।
 
नायक नीरज सिंह 24 अगस्त, 2014 को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में तलाशी अभियान का नेतृत्व करते हुए आतंकवादियों की गोलीबारी की चपेट में आ गए थे। सिंह ने बेहोश होने तक वहां से जाने से इंकार कर दिया। बाद में उन्हें वहां ले जाया गया और फिर उनकी मौत हो गई। (भाषा)
 

वेबदुनिया पर पढ़ें