Kulgam Terrorist Attack : कश्मीर में बिहार के 3 लोगों को गोली मारी; 2 की मौत, 1 घायल, प्रवासी नागरिकों को सेना और पुलिस के कैंपो में शिफ्ट करने के निर्देश

सुरेश एस डुग्गर

रविवार, 17 अक्टूबर 2021 (20:25 IST)
जम्मू। लगातार दूसरे दिन आतंकियों ने प्रवासी नागरिकों पर हमले करते हुए 2 और बिहारी नागरिकों को मार डाला है। तीसरा गंभीर रूप से जख्मी प्रवासी नागरिक भी बिहार का है। कल भी दो प्रवासी नागरिकों को मार डाला गया था। कश्मीर में प्रवासी नागरिकों ओर बढ़ते हमलों के मद्देनजर सरकार ने सभी प्रवासी नागरिकों को सेना और पुलिस के कैंपो में शिफ्ट करने का निर्देश दिया है। आतंकी हमलों के बीच पुलिस ने इमरजेंसी एडवायजरी भी जारी की है।
पुलिस ने बताया कि आतंकियों ने आज देर शाम दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में लारा गांजीपोरा गांव में प्रवासी श्रमिकों पर उस समय गोलियां बरसाईं जब वे एक किराए के मकान में रह रहे थे। दो प्रवासी नागरिकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक अन्य अस्पताल में जिन्दगी और मौत के बीच झूल रहा था।
 
पुलिस ने बताया कि मारे गए दो बिहारी नागरिकों की पहचान राजा रिषीदेव और जोगिन्द्र रिषीदेव के तौर पर की गई है जबकि तीसरे घायल की पहचान चुनचुन रिषी देव के रूप में हु्ई है। वह भी बिहार का रहने वाला था। तीनों एक ही कमरे में रहते थे।
हत्याओं की खबर मिलते ही सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने हमलावर आतंकियों की तलाश में अभियान छेड़ा था। समाचार भिजवाए जाने तक कोई भी आतंकी हाथ नहीं आया था। जानकारी के लिए कल भी आतंकियों ने एक बिहारी तथा एक यूपी के नागरिक की हत्या कर दी थी। 2 दिनों में चार प्रवासी नागरिकों की हत्या के बाद कश्मीर में काम के लिए आने वाले प्रवासी नागरिकों में अपने घरों को लौटने की भगदड़ मची हुई है।
 
ताजा हत्याओं के साथ ही आतंकियों ने इस माह में अभी तक 12 नागरिकों को मार डाला है। इनमें 8 अल्पसंख्यक समुदाय के थे और पांच प्रवासी नागरिक थे। इन हत्याओं के बाद हालांकि सुरक्षाबल प्रवासी नागरिकों में विश्वास जगाने की कोशिश कर रहे हैं पर वे अब कश्मीर में टिकने को राजी नहीं हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी