अमित शाह- राहुल ज्यादा बोलते तो और दुर्गति हो जाती...

शुक्रवार, 5 सितम्बर 2014 (13:07 IST)
मुंबई। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा जब तक कांग्रस को महाराष्ट्र से नहीं उखाड़ा जाता है तब तक ‘कांग्रेस मुक्त भारत’ नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस दिशा में काम करने का आह्वान किया।
 
पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद मुंबई की पहली यात्रा पर आए शाह ने कहा कि आपको सुनिश्चित करना होगा कि विधानसभा में उन्हें विपक्ष का नेता बनने का अवसर भी नहीं मिले जैसा कि लोकसभा में उनके पास विपक्ष का नेता नहीं है। 
 
शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अगर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने जितना लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान बोला उससे ज्यादा बोला होता तो कांग्रेस को और कम सीटें मिलतीं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिग्विजयसिंह ने कहा है कि उन्हें कम सीटें मिलीं क्योंकि राहुल गांधी चुप रहे, लेकिन जो उन्होंने बोला उससे ज्यादा बोला होता तो कांग्रेस को लोकसभा में 44 सीटें भी नहीं मिलतीं।
 
उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में महाराष्ट्र में ऐसी सरकार काम कर रही है जो लोगों के लिए काम करने में रुचि नहीं रखती। अब इस सरकार के हाथ से सत्ता वापस लेने का वक्त आ गया है। उन्होंने भाजपा-शिवसेना तनाव की अटकलों को भी खारिज किया। 

वेबदुनिया पर पढ़ें