T. Raja Singh : राजा सिंह पर भड़के ओवैसी, जमानत को लेकर दिया यह बयान...

बुधवार, 24 अगस्त 2022 (17:32 IST)
निलंबित भाजपा विधायक टी. राजा सिंह को मंगलवार को गिरफ्तारी के बाद देर शाम अदालत ने जमानत दे दी। इससे एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भड़क गए और अदालत के निर्णय पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन अदालत के आदेश को सुधारेगी। ओवैसी ने कहा, राजा सिंह पर गंभीर आरोप हैं।उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा जाना चाहिए।

खबरों के मुताबिक, निलंबित भाजपा विधायक टी. राजा सिंह की जमानत पर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने खेद जताया है। उन्होंने एक बार फिर टी. राजा सिंह को जेल भेजने की मांग की। उन्‍होंने कहा, राजा सिंह पर गंभीर आरोप हैं। उन्होंने एक वीडियो जारी किया था। उन्हें पुलिस हिरासत में भेजा जाना चाहिए और उनकी आवाज का नमूना एकत्र करके एफएसएल को भेजा जाना चाहिए। उनका रवैया एक विधायक के प्रति अशोभनीय है।

गौरतलब है कि टी राजा सिंह ने मंगलवार को वीडियो जारी कर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया था। इसके बाद उन्होंने इसे मजाक करार दिया था, लेकिन बड़ी संख्या में लोग उनके विरोध में सड़कों पर उतरे आए थे। सिंह ने एक वीडियो जारी करके मुनव्वर फारुकी पर हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया था।

टी राजा सिंह के बयान के बाद उठे बवाल को देखते हुए भाजपा ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। साथ ही पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए 10 दिन में जवाब देने के लिए कहा है। कोर्ट ने पहले राजा सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया था, लेकिन बाद में अदालत ने रिमांड ऑर्डर वापस लेते हुए जमानत दे दी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी