एटीएफ के दाम घटे, महंगा हुआ सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर

गुरुवार, 1 दिसंबर 2016 (14:26 IST)
नई दिल्ली। विमान ईंधन ‘एटीएफ’ के दाम में गुरुवार को 3.7 प्रतिशत की कटौती की गई जबकि सब्सिडीयुक्त घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 2.07 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ गए हैं। घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर सब्सिडी धीरे-धीरे समाप्त करने के फैसले पर अमल करते हुए पिछले छह माह में इसके दाम में यह सातवीं वृद्धि है।
 
बिना सब्सिडी वाले सिलेंडर का दाम भी 54.5 रुपए बढ़कर 584 रुपए प्रति सिलेंडर कर दिया गया है। परिवारों को सालभर में 12 सिलेंडर सब्सिडी पर उपलब्ध होते हैं, उसके बाद बिना सब्सिडी वाला सिलेंडर खरीदा जा सकता है जिसके लिए अधिक मूल्य चुकाना होता है।
 
दिल्ली में एटीएफ के दाम 1,881 रुपए यानी 3.7 प्रतिशत घटकर 48,379.63 रुपए प्रति किलोलीटर रह गए। इससे पहले दो बार एटीएफ के दाम में वृद्धि हुई थी। आखिरी बार एक नवंबर को एटीएफ के दाम 7.3 प्रतिशत बढ़ाए गए थे।
 
इसके साथ ही घरेलू इस्तेमाल वाले सब्सिडीयुक्त एलपीजी सिलेंडर के दाम 2.07 रुपए बढ़ाकर 432.71 रुपए प्रति सिलेंडर (14.2 किलो) कर दिया गया है। जुलाई के बाद रसोई गैस सिलेंडर के दाम में यह सातवीं वृद्धि हुई है। सरकार ने घरेलू गैस सिलेंडर पर दी जाने वाली सब्सिडी में कमी लाने के लिए हर महीने इसका दाम दो रुपए बढ़ाने का फैसला किया है। इससे पहले एक नवंबर को इसमें 2.05 रुपए बढ़ाए गए थे।
 
राशन दुकानों से बिकने वाले केरोसिन के मामले में भी सरकार ने तेल कंपनियों को 10 महीने तक हर पखवाड़े 25 पैसे प्रति लीटर वृद्धि की अनुमति दी है। जुलाई के बाद केरोसिन में भी आज नौवीं वृद्धि दर्ज की गई।
 
मुंबई में अब केरोसिन 17.51 रपये लीटर पर उपलब्ध होगा। दिल्ली को केरोसिन मुक्त शहर घोषित किया गया है। राजधानी में सब्सिडीयुक्त केरोसिन की बिक्री नहीं हो रही है। (भाषा) 

वेबदुनिया पर पढ़ें