केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने फिर से अपनी विफलता छिपाने के लिए प्रेस वार्ता की है। पिछली बार एक महिला की तस्वीर टी-शर्ट पर छपवा कर उन्होंने इतना बोला था। उस महिला ने इसका विरोध किया। ऐसा नकली मुद्दा लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी समय-समय पर बोलते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि आज उन्होंने बिहार से हटकर हरियाणा की कहानी सुनाई है। इससे साफ मालूम हो गया कि बिहार में कुछ बचा नहीं है इसलिए ध्यान को भटकाने के लिए हरियाणा का मुद्दा लेकर आ रहे हैं। फिजूल की बातों पर प्रस्तुतीकरण किया है। मैं उसपर नहीं जाना चाहता क्योंकि वो सब फर्जी था। वे कुछ विदेशी महिला के नाम का जिक्र कर रहे थे।
रिजिजू ने कहा कि वे चुनाव के समय विदेश जाते हैं, सदन के समय विदेश जाते हैं, बिहार चुनाव के दौरान वे विदेश चले जाते हैं। इन सब से जो उनको प्रेरणा मिलती है उसे लेकर उनकी टीम उन्हें दे देती। नेता प्रतिपक्ष को गंभीर मुद्दों पर बात करनी चाहिए फिजूल की बातों पर समय बर्बाद नहीं करना चाहिए।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दावा किया है कि एक ब्राजीलियन मॉडल के फोटो का इस्तेमाल हरियाणा की वोटर लिस्ट में कई जगह (22 बार) किया गया है। कहीं इसका नाम सीमा, सरस्वती लिखा गया, कहीं सुनीता तो कहीं स्वीटी। यह फोटो हरियाणा की वोटर लिस्ट में कई और नामों से भी दर्ज है। राहुल ने इसके माध्यम से दावा किया है कि हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में अलग-अलग तरीके से वोटों की चोरी की गई है।