प्रश्नपत्र लीक मामला: CBI ने 7 राज्यों में 50 स्थानों पर की छापेमारी, रुपए के बदले प्रश्नपत्र मुहैया कराए

मंगलवार, 31 जनवरी 2023 (21:27 IST)
नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने हिमाचल प्रदेश में कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के 2 मामलों की जांच के संबंध में मंगलवार को 7 राज्यों में 50 स्थानों पर तलाशी ली। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि बड़ी रकम के बदले उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र मुहैया कराए गए।
 
एजेंसी ने 30 नवंबर, 2022 को राज्य पुलिस से मामलों की जांच अपने हाथ में लेने के राज्य सरकार के अनुरोध पर 2 प्राथमिकी दर्ज की थी। हिमाचल प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद के लिए 27 मार्च, 2022 को आयोजित लिखित परीक्षा के प्रश्नपत्र तारीख से पहले लीक हो गए थे। पता चला कि प्रश्नपत्र लीक से संबंधित आरोपी विभिन्न राज्यों के हैं।
 
आरोप लगाया गया कि बिहार, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के बिचौलिए संगठित तरीके से परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक करने का काम कर रहे थे। अधिकारियों ने कहा कि बड़ी रकम के बदले उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र मुहैया कराए गए।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी