दादरी कांड : भाजपा ने नेताओं पर कसी लगाम

मंगलवार, 6 अक्टूबर 2015 (19:56 IST)
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने दादरी कांड पर उकसाने वाले बयान देने वाले नेताओं पर लगाम कसते हुए सख्त हिदायत दी है कि इस मुद्दे पर राजनीति करने के बजाय मरहम लगाने का काम होना चाहिए। 
पार्टी ने उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री आजम खान द्वारा इस मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र तक ले जाने की कोशिश की आलोचना करते हुए इसे देश के संविधान का अपमान करार दिया है।
 
पार्टी के सूत्रों के अनुसार, आला कमान ने उत्तर प्रदेश के तेजतर्रार नेताओं योगी आदित्यनाथ, संगीत सोम, साक्षी महाराज और केंद्रीय मंत्री महेश शर्मा एवं संजीव बलियान द्वारा दादरी हिंसा पर दिए गए बयान पर ऐतराज जताते हुए उन्हें भविष्य में संयम बरतने की हिदायत दी है।
 
उल्लेखनीय है कि दादरी के बिसाहड़ा गांव में पिछले सप्ताह गोवध की अफवाह के बाद उग्र भीड़ ने एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इस घटना को लेकर राजनीति तेज हो गई है।
 
इस बीच भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिद्धार्थनाथ सिंह ने कहा कि पार्टी शुरू से दादरी की घटना को कानून एवं व्यवस्था का मामला बताती रही, लेकिन उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार की अगुआई में उसके नेता इस घटना को सांप्रदायिक रंग देने में लगे हैं। यही नहीं, जिन दलों का वहां से कोई लेना नहीं है, उनके नेताओं ने वहां जाकर सपा की साजिश को हवा दी।
 
सिंह ने आरोप लगाया कि आजम खान दूसरे व्यक्ति हैं, जो पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के बाद भारत के अंदरुनी मामले को लेकर संयुक्त राष्ट्र गए हैं। यादव और खान ने संविधान की शपथ ली है, इसलिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को इस बारे में जवाब देना चाहिए कि खान ने कैसे संयुक्त राष्ट्र महासचिव को चिट्ठी लिखी।
 
सिंह ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय मंत्रियों और बड़े नेताओं ने शुरू से इस घटना की निंदा की है और सरकार सबका साथ, सबका विकास के मुद्दे पर आगे बढ़ना चाहती है। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस घटना के बारे में केंद्र को भेजी गई रिपोर्ट पर अनभिज्ञता जताते हुए कहा कि यह मामला कानून व्‍यवस्‍था से सीधे जुड़ा है और राज्य सरकार को दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, भले ही वह कोई भी हो। उनका कहना था कि अगर घटना वाले दिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई होती तो कोई जान नहीं जाती। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें