चीन और पाकिस्तान पर बरसे रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भारत को न छेड़ने की दी चेतावनी

रविवार, 14 नवंबर 2021 (19:06 IST)
लखनऊ। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत पूरी दुनिया को यह संदेश दे चुका है कि किसी भी देश ने भारत के खिलाफ अगर साजिश रची तो उसे बख्शा नहीं जाएगा और भारत के दबाव का ही नतीजा है कि अब पाकिस्तान भी कह रहा है कि वह आतंकवाद को प्रश्रय नहीं देगा।
 
रक्षामंत्री ने यहां अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के रजत जयंती समारोह में कहा कि पाकिस्तान, भारत से 1971 और फिर 1999 के कारगिल युद्ध में हार का सामना कर चुका है। उसे आतंकियों को शरण देना बंद करना ही होगा। उन्होंने कहा कि भारत शांतिप्रिय देश है। हमने न कभी किसी देश पर आक्रमण किया है और न ही किसी देश की 1 इंच जमीन पर कब्जा ही किया है।  लेकिन सर्जिकल और एयर स्ट्राइक करके हमने यह साबित कर दिया है कि जो भी भारत के खिलाफ साजिश करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
 
सिंह ने कहा कि अब पूरी दुनिया में यह धारणा बन रही है कि सिर्फ अमेरिका और इसराइल ही नहीं, भारत भी आतंकवाद से लड़ सकता है इसीलिए देश की वैश्विक प्रतिष्ठा दिनोदिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया के सबसे मजबूत देशों में से एक है। लोग किताबों में इतिहास पढ़ते हैं, पर हमारे जवानों ने 1971 के युद्ध में भाग लेकर इतिहास रचा है। हमें अपने जवानों पर गर्व है।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी