भूकंप से बिछड़ों को तलाशेगा गूगल पर्सन फाइंडर

रविवार, 26 अप्रैल 2015 (12:00 IST)
नई दिल्ली। नेपाल में शनिवार को आए भीषण भूकंप में लोगों को उनके परिवार से मिलाने के लिए गूगल ने अपने नेपाल और भारत के होमपेज पर ‘पर्सन फाइंडर’ सेवा शुरू की है।
 
दोनों देशों के गूगल होमपेज पर ‘रिसोर्सेज’ लिंक दिया गया है जिस पर क्लिक करने पर एक दूसरा पेज खुलेगा। गूगल के गूगल डॉट ओआरजी परियोजना ने इसे ‘पर्सन फाइंडर’ नाम दिया है।
 
यहां पर आप किसी के बारे में जानकारी को साझा कर सकते हैं या किसी को ढूंढ सकते हैं। खोए हुए व्यक्ति का नाम और परिवार की जानकारी देने पर यदि उससे जुड़ी जानकारी गूगल के डाटाबेस में होगी तो वह आपको बता देगा।
 
यहां पर यदि किसी के बारे में कोई जानकारी आपके पास है तो आप उसे साझा कर सकते हैं जिससे उस व्यक्ति को ढूंढ रहे लोगों को उसके बारे में जानकारी मिल जाएगी।

फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग ने अपने एक पोस्ट में कहा था, 'प्राकृतिक आपदा के समय समुदाय की मदद करने के लिए ‘सेफ्टी चेक’ हमारा एक प्रयास है। इसके माध्यम से कोई आसानी से अपने सभी परिजनों और दोस्तों को बता सकता है कि वह प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षित है।' इसे बनाने का विचार वर्ष 2011 में जापान में आई सुनामी के बाद आया था।
 
इसी तरह गूगल का ‘पर्सन फाइंडर’ प्रभावित इलाकों में लोगों को अपने सुरक्षित होने की जानकारी देने में मदद करता है।
 
यहां पर आप गूगल के डाटाबेस में से अपनों की जानकारी को ढूंढ सकते हैं या किसी के बारे में जानकारी को साझा कर सकते हैं ताकि और लोग उसे ढूंढ सकें।
 
इस पर दो विकल्प मिलते हैं, पहला ‘आई एम लुकिंग फॉर समवन’ (मैं किसी को ढूंढ रहा हूं..रही हूं) और दूसरा ‘आई हैव इंफरेमेशन अबाउट समवन’ (मेरे पास किसी की जानकारी है)।
 
गूगल की यह सुविधा नेपाल और भारत के होमपेज पर ही उपलब्ध है। यह सुविधा अंग्रेजी, हिंदी और नेपाली भाषा में उपलब्ध है। इस सुविधा के तहत किसी को खोजने के लिए भारत और अमेरिका में एसएमएस से भी जानकारी जुटाई जा सकती है। वर्तमान में इससे अब तक 3300 लोगों की जानकारी जुटाई गई है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें