केरल में दर्द का सैलाब, केंद्रीय मंत्री बोले- राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रावधान नहीं

मंगलवार, 21 अगस्त 2018 (08:51 IST)
तिरुवनंतपुरम। केंद्रीय मंत्री अल्फोंस कन्ननथानम ने केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की कांग्रेस नेताओं की मांग को खारिज कर दिया और कहा कि आपदा प्रबंधन कानून 2005 में ऐसा करने का प्रावधान नहीं है।


इस संबंध में पूर्व रक्षामंत्री और कांग्रेस नेता एके एंटोनी के बयान पर प्रतिक्रिया जताते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन कानून तब पारित किया गया था जब केंद्र में कांग्रेस नीत संप्रग की सरकार थी। एंटोनी की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जताते हुए कन्ननथानम ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रावधान नहीं है।

कांग्रेस जब 2004-14 में सत्ता में थी तो किसी भी आपदा को राष्ट्रीय आपदा नहीं घोषित किया गया था। उधर आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी मांग की है कि केंद्र केरल की बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करें। कांग्रेस प्रमुख राहुल गांधी, केरल के वामपंथी दलों और पुडुचेरी के मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने भी केंद्र सरकार से इसी तरह की मांग की है। नायडू ने कहा कि केंद्र को इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करनी चाहिए। यह सबकी जिम्मेदारी है कि केरल में आम जनजीवन बहाल हो। 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी