दिल्ली में घना कोहरा, 112 उड़ानें प्रभावित

मंगलवार, 3 जनवरी 2017 (19:36 IST)
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी मंगलवार को तीसरे दिन भी सुबह घने कोहरे की चपेट में रही और इससे रेल, हवाई एवं सड़क यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। एक जानकारी के मुताबिक, घने कोहरे का असर 112 उड़ानों पर पड़ा। 
कोहरे की वजह से कई ट्रेने देरी से चल रही हैं और कुछ ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। लोगों को सड़कों पर जगह-जगह भारी जाम का सामना करना पड़ा। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानें भी प्रभावति हुई हैं दो उड़ानों को रद्द करना पड़ा है।
 
घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दिल्ली क्षेत्र की 55 ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं और 22 के समय में बदलाव किया गया है। इसके अलावा छह ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। हवाई सेवाएं भी कोहरे के कारण प्रभावित रहीं।
 
मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम के 24.0 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

वेबदुनिया पर पढ़ें