मान सरकार का कर्मचारियों को दिवाली गिफ्ट, पुरानी पेंशन बहाल करने का फैसला

शुक्रवार, 21 अक्टूबर 2022 (19:10 IST)
चंडीगढ़, पंजाब सरकार ने अपने कर्मचारियों को दिवाली की सौगात दी है। भगवंत मान सरकार ने कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का फैसला किया। दिवाली से पहले आए इस फैसले से कर्मचारियों में खुशी है। खुद मान ने इसे दीवाली गिफ्ट बताया। मान ने कहा, ‘हमने कैबिनेट की बैठक में इस संबंध में सैद्धांतिक फैसला लिया है। इससे लाखों कर्मचारियों को फायदा होगा।’ उन्होंने कहा कि इसका तौर तरीका तय किया जाएगा।

6 प्रतिशत महंगाई भत्ते को मंजूरी
मान ने कहा कि राज्य मंत्रिमंडल ने सरकारी कर्मचारियों के लिए छह प्रतिशत महंगाई भत्ते को भी मंजूरी दे दी है। वर्ष 2004 में बंद कर दी गई पुरानी पेंशन योजना की बहाली राज्य सरकार के कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में से एक रही है। राज्य सरकार का फैसला हिमाचल प्रदेश और गुजरात विधानसभा चुनावों से पहले आया है, जहां आप अपनी किस्मत आजमा रही है और सत्ता में आने पर राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने का वादा किया है।

मान ने आगे कहा कि कर्मचारियों की मांग अब पूरी हो गई है और यह उनके लिए दीवाली का उपहार है। मान ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि हमने जो कहा हैं (वादा) हमें वह पूरा करना है और ऐसा कुछ नहीं कहना है, जिसे हम पूरा नहीं कर सकते, जो वादे हम कर रहे हैं, उन्हें पूरा कर रहे हैं’
Edited: By Navin Rangiyal (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी