कोरोना काल के बीच केंद्र में नौकरशाही में बड़े तबादले, स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन को 3 महीने का एक्सटेंशन

सोमवार, 27 अप्रैल 2020 (00:14 IST)
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने शीर्ष स्तर की नौकरशाही में रविवार को फेरबदल करते हुए स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन को 30 अप्रैल के बाद 3 महीने का कार्य विस्तार दिया है। वे महीने के अंत में सेवानिवृत्त होने वाली थीं।
 
कोविड-19 संकट के दौर में केन्द्र सरकार का यह कदम काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि वायरस संक्रमण से निजात पाने में स्वास्थ्य मंत्रालय अग्रणी भूमिका निभा रहा है और सूदन को मिला कार्य विस्तार कोविड-19 के उन्मूलन में विभाग के कामकाज को निरंतरता प्रदान करेगा।
 
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने सूदन की सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें 3 महीने का कार्य विस्तार देने का निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार अब वे 31 जुलाई तक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सचिव बनी रहेंगी।
 
प्रधानमंत्री कार्यालय में अतिरिक्त सचिव तरुण बजाज को आर्थिक मामलों के मंत्रालय का सचिव बनाया गया है। यह विभाग देश के आर्थिक संसाधनों का सतत, स्थायी, न्यायसंगत उपयोग कर सरकार की वित्तीय स्थिति को सही बनाए रखने की जिम्मेदारी निभा रहा है। आदेश के अनुसार सूचना एवं प्रसारण सचिव रवि मित्तल को खेल मंत्रालय में सचिव पद पर भेजा गया है।
 
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अमित खरे को सूचना एवं प्रसारण सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। खरे पहले भी सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में रह चुके हैं। खरे को यह प्रभार ऐसे वक्त में दिया गया है जब कोरोना वायरस संकट के कारण प्रिंट मीडिया खराब माली हालत से जूझ रहा है।
 
नौकरशाही में हुई इस फेरबदल में 23 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को केन्द्र सरकार के विभिन्न विभागों में सचिव पद पर नियुक्ति दी गई है।
 
 सचिव स्तर के फेरबदल में ग्रामीण विकास सचिव राजेश भूषण को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में सचिव स्तर पर विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है।
 
संभावना है कि जुलाई में सूदन की कार्य विस्तार अवधि समाप्त होने के बाद भूषण मंत्रालय के नए सचिव होंगे। बतौर ओएसडी भूषण को मंत्रालय का कामकाज समझने और इस महामारी के दौर में कोरोना वायरस उन्मूलन की दिशा में भारत के प्रयासों को अच्छे से जानने-समझने का मौका मिलेगा।
 
ग्रामीण विकास मंत्रालय के नए सचिव के रूप में नागेन्द्र नाथ सिन्हा को नियुक्त किया गया है। सिन्हा फिलहाल गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग में सचिव हैं। 
 
उपभोक्ता मामलों के सचिव पवन अग्रवाल को वाणिज्य मंत्रालय में विशेष सचिव (लॉजिस्टिक) नियुक्त किया गया है।
 
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में विशेष सचिव लीना नंदन को अग्रवाल के स्थान पर उपभोक्ता मामलों का सचिव बनाया गया है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव रविकांत को पूर्व-सैनिक कल्याण विभाग का सचिव बनाया गया है।
 
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुधांशु पांडेय को रविकांत के स्थान पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव बनाया गया है। पांडेय फिलहाल वाणिज्य विभाग में अतिरिक्त सचिव हैं।
 
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव संजीव रंजन को जहाजरानी सचिव नियुक्त किया गया है। विभाग के वर्तमान सचिव गोपाल कृष्ण 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
 
कैबिनेट सचिवालय में अतिरिक्त सचिव अरमाने गिरिधर को संजीव रंजन के स्थान पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय में सचिव बनाया गया है।
 
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग में विशेष सचिव के पद पर कार्यरत प्रदीप कुमार त्रिपाठी को इस्पात मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। वे जम्मू-कश्मीर कैडर के 1987 बैच के अधिकारी हैं। 
 
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के उपाध्यक्ष तरुण कपूर को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। मंत्रालय के सचिव एमएम कुट्टी इस महीने के अंत में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
 
सीबीएसई की प्रमुख अनिता कारवाल को शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया। वे 1988 बैच की गुजरात कैडर की आईएएस अधिकारी हैं। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी