बिहार में फ्लोर टेस्ट को लेकर JDU ने जारी किया व्हीप, क्या है तेजस्वी यादव का प्लान?

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 11 फ़रवरी 2024 (11:28 IST)
Bihar Floor test : बिहार विधानसभा में सोमवार को नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली राजद सरकार को अपना बहुमत साबित करना है। फ्लोर टेस्ट से पहले जदयू ने जहां अपने विधायकों के लिए व्हीप जारी किया है वहीं राजद नेता तेजस्वी यादव ने भी महागठबंधन के विधायकों के लिए प्लान तैयार किया है।
 
तेजस्वी के घर महागठबंधन के विधायक : कांग्रेस के विधायक आज तेलंगाना से पटना लौट रहे हैं। इन सभी को तेजस्वी यादव के घर ले जाने की तैयारी है। बताया जा रहा है कि राजद और लेफ्ट के सभी विधायक पहले से यहां मौजूद है। बहरहाल कांग्रेस, राजद और लेफ्ट के विधायक तेजस्वी के घर से ही सीधे विधानसभा पहुंचेंगे और फ्लोर टेस्ट में शामिल होंगे। 
 
अटकलें लगाई जा रही हैं कि तेजस्वी के पिता और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद विश्वास मत के दौरान राजग की बाजी पलटने के लिए अपनी कुशलता का इस्तेमाल करेंगे। यह भी कहा जा रहा है कि तेजस्वी यादव की कवायद राजद, कांग्रेस और लेफ्ट में तोड़फोड़ से बचने की है।
 
मांझी का NDA के समर्थन में व्हीप : इधर हम पार्टी के नेता जीतनराम मांझी पहले ही एक व्हिप जारी कर अपनी पार्टी हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के विधायकों से 12 फरवरी को विश्वास मत के दौरान सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में मतदान करने के लिए कहा है। व्हिप की आवश्यकता नहीं थी, लेकिन सुर्खियों और टीआरपी के पीछे भागने वालों द्वारा पैदा किए गए भ्रम को दूर करने के लिए यह जारी किया गया है। 
किसके पास कितनी ताकत : राज्य की 243 सदस्‍यीय विधानसभा में राजग के कुल सदस्य 128 हैं, जो बहुमत के लिए आवश्यक संख्या से 6 अधिक है। महागठबंधन के पास 114 सदस्य हैं। महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, भाकपा (माले), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) शामिल हैं। ऐसे में नीतीश कुमार को बहुमत साबित करने में ज्यादा मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी