हैदराबाद पुलिस का बड़ा बयान, एनकाउंटर में 2 पुलिसकर्मी भी घायल

शुक्रवार, 6 दिसंबर 2019 (08:50 IST)
हैदराबाद। हैदराबाद में पशु-चिकित्सक के सामूहिक बलात्कार और हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए चार आरोपी शुक्रवार सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए।
 
साइबराबाद पुलिस आयुक्त वी सी सज्जनर ने कहा कि शुक्रवार को चारों आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए।
 
पुलिस ने आरोपियों को उसी जगह पर मार गिराया जहां आरोपियों ने महिला डॉक्टर के साथ हैवानियत भरी घटना को अंजाम दिया था।

पुलिस ने दावा किया कि क्राइम सीन को रिक्रिएट करने के लिए चारों आरोपियों को हैदराबाद के बाहरी क्षेत्र शादनगर के समीप चटनपल्ली ले जाया गया था। इस दौरान चारों आरोपियों मोहम्मद अरीफ, नवीन, शिव और चेन्नाकेसवुलु ने भागने की कोशिश और फिर पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए।
 
गौरतलब है कि सरकारी अस्पताल में काम करने वाली पशु चिकित्सक से 29 नवंबर की रात शहर के बाहरी इलाके में 4 लोगों ने बलात्कार करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी। बाद में 25 वर्षीय इस महिला का झुलसा हुआ शव बरामद हुआ था। मामले के चारों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया था।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी