वैष्णोदेवी गुफा के द्वार पर भूस्खलन (देखिए फोटो)

मंगलवार, 15 मार्च 2016 (12:52 IST)
वैष्णोदेवी-कटड़ा (जम्मू कश्मीर)। वैष्णोदेवी यात्रा मार्ग पर हजारों श्रद्धालु भूस्खलन और गिरते पत्थरों के खतरे के बीच अपनी यात्रा को जारी रखने को मजबूर हैं।इस बार भूस्खलन ने ठीक गुफा के द्वार पर दस्तक दी है जहां श्रद्धालुओं के स्नानघर हैं। नतीजतन श्राइन बोर्ड को आपात स्थिति में उसे वीआईपी द्वार को खोलना पड़ा है। 
 
तीन दिनों से कटड़ा और वैष्णोदेवी के पहाड़ों पर लगातार बारिश के चलते वैष्णोदेवी भवन के गेट नंबर 5 के पास भूस्खलन होने से यात्रा के मार्ग में बदलाव किया गया है। मार्ग में हुए भूस्खलन के बाद गेट नंबर दो को श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया है।
भवन प्रशासन को जानकारी मिली थी कि गेट नंबर 5 वाले रुट में चट्टानों में दरार आ गई है। इसके बाद इस रुट को बंद कर दिया गया था। रुट बंद होने के कुछ देर बाद ही कई चट्टानें गिर पड़ीं।
भवन के एसडीएम जगदीश सिंह के मुताबिक, वैष्णोदेवी यात्रा फिलहाल सुचारू ढंग से चल रही है। सिर्फ गेट नंबर 5 को बंद किया है। मरम्मत के बाद जल्दी ही इसे भी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। 

वेबदुनिया पर पढ़ें