पूर्वाह्न 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने प्रश्नकाल आरंभ करने की घोषणा की। विपक्ष के नेताओं की नोटबंदी पर मतविभाजन के प्रावधान के साथ चर्चा कराने की मांग को अस्वीकार करने से विपक्षी सदस्य उत्तेजित हो गए। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, वाम मोर्चे के सदस्य सदन के बीचोबीच आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
अध्यक्ष ने प्रश्नकाल आरंभ कर दिया। अन्नाद्रमुक के पी. कुमार के सदन में मौजूद नहीं रहने के कारण दूसरे प्रश्न से शुरुआत हुई। उधर नारेबाजी चलती रही। विपक्षी सदस्यों ने 'वी वॉन्ट वोटिंग', 'मोदी सरकार हाय हाय' के नारे लगाए।
इसी दौरान सदन में एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। केरल के अटिंगल से निर्वाचित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के ए. संपत ने मलयालम में नारे लगाने शुरू कर दिए और पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने खूब जोर-शोर से मलयालम में ही जवाब दिया। 4 प्रश्न और उनके पूरक प्रश्न पूछे जाने तक सदन में शोर-शराबा बढ़ गया था।
अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्यों को चेताया कि वे जो कर रहे हैं, वह ठीक नहीं है। सदन के बीचोबीच आकर पीछे अपने स्थान पर बैठे सदस्यों को कवर कर ले रहे हैं, जो उनके अधिकारों का हनन है। इस पर शोर तेज हो गया और अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित करने का ऐलान कर दिया। (वार्ता)