मेनका गांधी की एम्स में होगी सर्जरी

शनिवार, 3 जून 2017 (14:28 IST)
लखनऊ। केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी की अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में सर्जरी होगी। मेनका को शुक्रवार रात एम्स में भर्ती कराया गया है।
 
मेनका के पुत्र वरुण गांधी ने अपने ट्वीट में कहा कि मेरी मां शुक्रवार रात एम्स में भर्ती हुईं। अगले कुछ दिनों में उनकी सर्जरी होगी। मैं सभी का उनकी दुआओं और आशीर्वाद के लिए शुक्रिया करता हूं। 
 
जिलाधिकारी शीतल वर्मा ने बताया कि मेनका अपने निर्वाचन क्षेत्र पीलीभीत के दौरे पर थीं। शुक्रवार अचानक उन्हें पेट दर्द हुआ। उन्हें तत्काल नई दिल्ली ले जाया गया। इससे पहले पीलीभीत के अस्पताल में उनका अल्ट्रासाउंड किया गया तो उनके गाल ब्लैडर में पथरी का पता चला।
 
मेनका ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से शुक्रवार सुबह मुलाकात की। उसके बाद बीसलपुर रोड स्थित गेस्ट हाउस गईं, वहीं उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और पेटदर्द शुरू हुआ जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें