Weather Updates: उत्तर भारत के कई राज्य कड़ाके की ठंड की चपेट में, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना

शुक्रवार, 30 दिसंबर 2022 (10:33 IST)
नई दिल्ली। पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। उत्तर भारत की पहाड़ियों में कुछ बारिश हो सकती है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की गतिविधि देखने को मिल सकती है। उत्तराखंड के अलग-थलग इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिल सकती है। दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य इस वक्त कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं।
 
दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्य इस वक्त कड़ाके की ठंड की चपेट में हैं। गुरुवार सुबह दिल्ली को कोहरे और शीतलहर से थोड़ी राहत मिली थी। इसके अलावा गुरुवार शाम को पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव हो जाने से हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और कश्मीर के सभी इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली। मौसम विभाग की मानें तो पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा।
ALSO READ: Weather Updates: ठंड से कांपा उत्तर भारत, नए साल में बढ़ेगा शीतलहर का प्रकोप
पश्चिमी विक्षोभ के चलते लाहौल स्पीति वैली में गुरुवार यानी 29 दिसंबर को बर्फबारी देखी गई है। स्थिति को देखते हुए कुल्लू पुलिस ने एक एकवायजरी जारी की है। एडवायजरी के मुताबिक पर्यटकों को सोलंग वैली, अटल टनल और सिसु की ओर जाने से मना किया गया।
 
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम? : मौसम विभाग की मानें तो आज 30 दिसंबर को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। इसके साथ ही दिल्ली को कोहरे से राहत मिली हुई है। वहीं 31 दिसंबर को दिल्ली में हल्का कोहरा हो सकता है। 1 जनवरी से दिल्ली में शीतलहर का अलर्ट है। अगर प्रदूषण की बात करें तो शाम को 6 बजे के करीब दिल्ली के आनंद विहार इलाके में AQI 328 दर्ज किया गया, जो कि बहुत खराब श्रेणा में आता है। 
ALSO READ: weather update : भीषण शीतलहर के प्रकोप में उत्तर भारत के कई शहर, दिल्ली में 'प्रचंड' ठंड- धर्मशाला-नैनीताल को भी पीछे छोड़ा
दक्षिण-पूर्व अरब सागर और उससे सटे भूमध्यरेखीय क्षेत्र पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र अब भी बना हुआ है। पश्चिमी हिमालय पर एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। एक प्रेरित चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र उत्तरी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है।
 
पिछले 24 घंटों की मौसमी हलचल : स्काईमेट के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हुई और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश देखी गई। पूर्वी उत्तरप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पंजाब के कुछ हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रहा। कई हिस्सों में कोल्ड डे की स्थिति में कमी आई और देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के आने से शीत लहर की स्थिति थम गई।
 
अगले 24 घंटों की संभावित गतिविधि : पंजाब, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पश्चिमी उत्तरप्रदेश और दिल्ली के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। उत्तर भारत की पहाड़ियों में कुछ बारिश हो सकती है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की गतिविधि देखने को मिल सकती है। उत्तराखंड के अलग-थलग इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति देखने को मिल सकती है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में कोई खास गिरावट नहीं होगी और उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में तापमान स्थिर रहने की संभावना है।
 
Edited by: Ravindra Gupta

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी