दिल्ली के गोकलपुरी में लगी भीषण आग, 60 से ज्यादा झुग्गियां राख, 7 की मौत

शनिवार, 12 मार्च 2022 (09:10 IST)
नई दिल्ली। दिल्ली के गोकलपुरी थाना क्षेत्र के गोकलपुर गांव में शुक्रवार देर रात आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई। आग लगने से 60 झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।

दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि गोकुलपुरी गांव के पिलर संख्या 12 के पास आग लगने की सूचना देर रात एक बजकर तीन मिनट पर मिली। उन्होंने बताया कि इसके बाद आग बुझाने के लिए दमकल की 13 गाड़ियों को रवाना किया गया।
 
अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से सात शव मिले हैं। करीब 60 झुग्गियां क्षतिग्रस्त हुई हैं और 30 झुग्गियां पूरी तरह से जल गई हैं।
 
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर पूर्व) देवेश कुमार महला ने बताया कि आग लगने की सूचना देर रात करीब एक बजे मिली जिसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। शनिवार तड़के करीब चार बजे आग पर काबू पाया जा सका।
 
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'सुबह यह दुःखद समाचार मिला। मैं स्वयं वहां जाकर पीड़ितों से मुलाकात करूंगा।'

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी