शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हुए मिलिंद देवड़ा, क्यों हुआ कांग्रेस से मोहभंग

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

रविवार, 14 जनवरी 2024 (15:45 IST)
Milind Deora news in hindi : पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा रविवार को कांग्रेस छोड़कर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो गए। 
 
इससे पहले दक्षिण मुंबई सीट से लोकसभा के पूर्व सदस्य देवड़ा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर रविवार को लिखा, 'आज मेरी राजनीतिक यात्रा के एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और इसी के साथ पार्टी से मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों तक अटूट समर्थन देने के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं।'
 
क्यों नाराज थे मिलिंद देवड़ा : उन्होंने हाल में मुंबई दक्षिण लोकसभा क्षेत्र पर शिवसेना (यूबीटी) द्वारा दावा पेश करने को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। शिवसेना (यूबीटी) महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की गठबंधन सहयोगी है।
 
मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से क्या है देवड़ा का संबंध : मिलिंद देवड़ा मुंबई दक्षिण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं। उन्होंने 2004 और 2009 में मुंबई दक्षिण सीट पर जीत दर्ज की थी। इससे पहले 4 बार उनके पिता यहां से सांसद रहे हैं। अविभाजित शिवसेना के अरविंद सावंत ने 2014 और 2019 के आम चुनाव में देवड़ा को हराया था। वह अब ठाकरे गुट के साथ हैं। ऐसे में इस सीट पर शिवसेना ठाकरे गुट ने दावा किया था।
 
राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं मिलिंद : मिलिंद को भी ज्योतिरादित्य सिंधिया, जतिन प्रसाद, सुष्‍मिता देव, अदिति सिंह, प्रियंका चतुर्वेदी की तरह ही राहुल गांधी का करीबी माना जाता है। मिलिंद उस वक्त कांग्रेस छोड़ रहे हैं, जब राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने वाले हैं।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी