केंद्र सरकार का श्रमिकों को तोहफा, न्यूनतम मजदूरी में होगी बढ़ोतरी, 1 अक्‍टूबर से लागू होगा नया वेतन

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 27 सितम्बर 2024 (07:21 IST)
hike in minimum wages : केंद्र सरकार ने श्रमिकों के लिए परिवर्तनशील महंगाई भत्ते में संशोधन कर न्यूनतम मजदूरी दर बढ़ाकर 1035 रुपए प्रतिदिन तक करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की। श्रम मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि इस कदम का उद्देश्य श्रमिकों को जीवन-यापन की बढ़ती लागत से पार पाने में मदद करना है। नई वेतन दरें एक अक्टूबर, 2024 से प्रभावी होंगी। अंतिम संशोधन अप्रैल, 2024 में किया गया था।
 
संशोधन के बाद निर्माण, साफ-सफाई, समान उतारने और चढ़ाने जैसे अकुशल काम में लगे श्रमिकों के लिए क्षेत्र ‘ए’ में न्यूनतम मजदूरी दर 783 रुपए प्रति दिन (20,358 रुपए प्रति माह) होगी। अर्ध-कुशल श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी दर 868 रुपए प्रति दिन (22,568 रुपए प्रति माह) और कुशल, लिपिक तथा बिना हथियार वाले चौकीदार या गार्ड के लिए 954 रुपए प्रति दिन (24,804 रुपए प्रति माह) होगी।
ALSO READ: MGNREGA Wage Rates : चुनाव से पहले सरकार ने बढ़ाई मनरेगा की मजदूरी, जानिए कितनी हुई बढ़ोतरी...
अत्यधिक कुशल और हथियारों के साथ चौकीदारी या गार्ड का काम करने वालों के लिए न्यूनतम वेतन दर 1,035 रुपए प्रति दिन (26,910 रुपए प्रति माह) होगी। नई वेतन दरें एक अक्टूबर, 2024 से प्रभावी होंगी। अंतिम संशोधन अप्रैल, 2024 में किया गया था।
 
न्यूनतम मजदूरी दरों को कौशल स्तरों- अकुशल, अर्ध-कुशल, कुशल और अत्यधिक कुशल... के साथ-साथ भौगोलिक क्षेत्र... ए, बी और सी... के आधार पर वर्गीकृत किया जाता है। श्रम मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि केंद्र सरकार ने श्रमिकों, विशेषकर असंगठित क्षेत्र के कामगारों को समर्थन देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम के तहत परिवर्तनीय महंगाई भत्ते (वीडीए) को संशोधित करके न्यूनतम मजदूरी दरों में वृद्धि की घोषणा की है।
ALSO READ: 8वें वेतन आयोग के गठन का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं, सरकार ने राज्यसभा में दी जानकारी
न्यूनतम मजदूरी दरों के बारे में विस्तृत जानकारी मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) की वेबसाइट...सीएलसी डॉट गाव डॉट इन... पर उपलब्ध है। (भाषा)
Edited By : Chetan Gour

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी