मोदी बोले, उभर रहा है 'नया भारत'

रविवार, 12 मार्च 2017 (14:50 IST)
नई दिल्ली। उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि 'नया भारत' उभर रहा है और वह विकास का पक्षधर है। उन्होंने जनता से कहा कि वह नए भारत के निर्माण का संकल्प लें और नरेन्द्र मोदी मोबाइल एप पर अपनी प्रतिबद्धता जताए।
 
मोदी ने ट्वीट किया कि एक नया भारत उभर रहा है जिसके पास 125 करोड़ भारतीयों की ताकत और क्षमता है। यह भारत विकास का पक्षधर है। उन्होंने आगे लिखा कि वर्ष 2022 में जब हम आजादी के 75 वर्ष पूरे करेंगे तब तक हमें ऐसा भारत बना लेना चाहिए जिस पर गांधीजी, सरदार पटेल और बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर को गर्व हो। इसके 1 ही दिन पहले उत्तरप्रदेश चुनाव परिणामों में भाजपा को तीन-चौथाई बहुमत मिला। इसने सपा-कांग्रेस गठबंधन और बसपा को पूरी तरह से रौंद दिया है।
 
उत्तराखंड में भी भाजपा 70 में से 56 सीटें हासिल कर सत्ता में आ गई है। यहां कांग्रेस महज 11 सीटों पर सिमटकर रह गई। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें