नायब सिंह सैनी चुने गए विधायक दल के नेता, दूसरी बार लेंगे हरियाणा के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

बुधवार, 16 अक्टूबर 2024 (13:48 IST)
Naib Singh Saini will take oath as Chief Minister on October 17 : नायब सिंह सैनी चुने गए विधायक दल के नेता, दूसरी बार लेंगे हरियाणा के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ पंचकूला। हरियाणा में नायब सिंह सैनी को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की उपस्थिति में राज्य विधायक दल का नेता चुन लिया है। सैनी दूसरी बार हरियाणा के मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सैनी गुरुवार 17 अक्टूबर को मुख्‍यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 
 
बैठक में हिस्सा ले रहे विधायकों में रामकुमार गौतम, श्रुति चौधरी, अनिल विज, कृष्णलाल पंवार, मूल चंद शर्मा, अरविंद शर्मा, देवेंद्र अत्री समेत अन्य नवनिर्वाचित विधायक शामिल थे। शाह के साथ मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी बैठक में शामिल थे। गुरुवार को होने वाले शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इनके अलावा भाजपा शासित एवं एनडीए शासित राज्यों के मुख्‍यमंत्रियों के भी बैठक में शामिल होने की संभावना है। ALSO READ: हरियाणा में कांग्रेस और BJP का वोट प्रतिशत लगभग बराबर, फिर कहां फंसी कांग्रेस, खास बातें
 
इस बार भाजपा को मिला पूर्ण बहुमत : मार्च महीने में मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद हरियाणा के मुख्‍यमंत्री बने थे नायब सैनी। हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजे 8 अक्टूबर को घोषित किए गए थे। राज्य में भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 48 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस ने 37 सीटें हासिल की हैं। 
 
कौन हैं नायब सिंह सैनी : हरियाणा में भाजपा के प्रमुक ओबीसी चेहरे नायब सिंह सैनी पहली बार 2010 में अंबाला जिले की नारायणगढ़ सीट से चुनाव लड़े थे, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2014 में पार्टी ने उन्हें फिर नारायणगढ़ से मौका दिया और इस बार उन्होंने जीत हासिल की। उन्हें हरियाणा में राज्यमंत्री के पद से नवाजा गया। 2019 में सैनी कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद चुने गए।

मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल खट्‍टर के इस्तीफे के बाद सैनी को हरियाणा का मुख्‍यमंत्री बनाया गया। लोकसभा से इस्तीफे देकर सैनी करनाल सीट से उपचुनाव में विजयी रहे। 2024 के चुनाव में सैनी कुरुक्षेत्र की लाडवा सीट से निर्वाचित हुए। (एजेंसी/वेबदुनिया)
Edited by: Vrijendra Singh Jhala 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी