निक्की मर्डर केस में बड़ा खुलासा, निक्की ने की थी साहिल से शादी, परिवार ने रची हत्या की साजिश

शनिवार, 18 फ़रवरी 2023 (08:51 IST)
नई दिल्ली। निक्की मर्डर केस में दिल्ली पुलिस ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने दावा किया कि निक्की यादव ने अक्टूबर 2020 में साहिल गेहलोत से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। इस शादी से साहिल का परिवार खुश नहीं था और उन्होंने निक्की की हत्या की साजिश रच दी।
 
इसके बाद साहिल की शादी किसी दूसरी लड़की से तय कर दी गई। निक्की यादव की हत्या की साजिश रची गई जिसमें साहिल का परिवार भी शामिल था। साहिल ने 10 फरवरी को दिल्ली के निगमबोध घाट श्मशान घाट की पार्किंग में अपनी गर्लफ्रेंड निक्की यादव की हत्या कर दी थी। फिर उसने उसी शाम दूसरी युवती से शादी कर ली थी। अगले दिन वापस आकर निक्की की लाश को फ्रिज में रख दिया था।

पुलिस के मुताबिक, निक्की यादव वास्तव में साहिल की पत्नी थी और ‘लिव-इन पार्टनर’ नहीं। इसलिए वह उससे अनुरोध कर रही थी कि वह उसके परिवार द्वारा 10 फरवरी को किसी अन्य महिला के साथ तय की गई शादी नहीं करे। जब गहलोत निक्की यादव को उक्त महिला से अपनी शादी के लिए राजी नहीं कर सका, तो उसने उसे मारने की साजिश रची और अन्य लोगों को भी इसमें शामिल कर लिया।
 
इसके बाद साहिल गहलोत ने अपनी साजिश को अंजाम दिया और उसकी हत्या कर दी और अन्य सह-आरोपी व्यक्तियों को उसी दिन यानी 10 फरवरी को इसके बारे में सूचित किया और फिर वे सभी विवाह समारोह में शामिल हुए।
 
इस घटना के बारे में जानकारी इसके घटित होने के चार दिन बाद 14 फरवरी को ‘वेलेंटाइन डे’ पर सामने आई थी जब गहलोत ने पुलिस हिरासत में अपना अपराध कबूल कर लिया और पुलिस ने उस होटल के फ्रिज से शव बरामद किया जहां उसे रखा गया था।
 
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में साहिल के पिता वीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है और साथ ही उसके दो चचेरे भाई, आशीष कुमार- नवीन, दो दोस्त, लोकेश सिंह और अमर सिंह को भी पूरी साजिश में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस साहिल को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी