क्या गडकरी होंगे महाराष्ट्र के सीएम!

बुधवार, 22 अक्टूबर 2014 (10:24 IST)
नागपुर। महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी भाजपा में मुख्यमंत्री पद को लेकर पेंच फंसा हुआ है और इस बीच विदर्भ के 39 विधायकों ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को राज्य का अगला मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की है। दूसरी ओर इस पद पर महाराष्‍ट्र भाजपा अध्यक्ष देवेंद्र फड़नवीस का दावा भी मजबूत नजर आ रहा है।
 
दिलचस्प बात यह है कि गडकरी भी आज महाराष्ट्र की राजनीति में आने की संभावना को खारिज करते हुए नहीं दिखे। विदर्भ क्षेत्र के विधायकों ने गडकरी से यहां मुलाकात की और उनसे मुख्यमंत्री बनने का आग्रह किया।
 
बाद में गडकरी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से कहा कि जिन विधायकों ने मुलाकात की है मेरे प्रति उनका सम्मान है और वे मुझसे मुख्यमंत्री बनने का आग्रह कर रहे हैं।
 
भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा, 'बहरहाल, मैंने राज्य की राजनीति में नहीं लौटने के अपने रूख को पहले ही स्पष्ट कर दिया है। यह पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को फैसला करना है और मुझे जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी उसे मैं स्वीकार करूंगा।'
 
इससे पहले महाराष्ट्र भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुधीर मुंगंतीवार ने गडकरी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाने की जोरदार पैरवी की।
 
मुंगंतीवार ने कहा, 'प्रदेश भाजपा नेता महसूस करते हैं कि नितिन गडकरी जी को प्रदेश की राजनीति में आना चाहिए और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री का पद संभालना चाहिए। उनके पास काफी प्रशासनिक अनुभव है, जो उन्हें आदर्श उम्मीदवार बनाता है।'
 
जब यह कहा गया कि गडकरी ने अपना मंत्री पद छोड़ने और प्रदेश की राजनीति में आने से मना कर दिया है तो मुंगंतीवार ने कहा, 'हम आश्चर्यचकित हैं कि गडकरी ने कहा है कि वह राज्य में नहीं आना चाहते है। महाराष्ट्र में यहां पार्टी के सभी लोग चाहते हैं कि गडकरी मुख्यमंत्री बनें।'
 
भाजपा ने हाल में महाराष्ट्र में हुए विधानसभा चुनाव में 288 सदस्यीय विधानसभा में 123 सीटें हासिल की हैं। वह अपने दम पर सरकार बनाने के लिए 145 के जादुई आंकड़े को पाने में विफल रही है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें