नर्मदा नदी के पानी पर चलने वाली महिला को लोगों ने देवी माना, महिला ने खुद बताई वायरल वीडियो की सच्‍चाई

सोमवार, 10 अप्रैल 2023 (12:54 IST)
जबलपुर। सोशल मीडिया में पिछले दो दिनों से एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो मध्‍यप्रदेश के जबलपुर शहर का है। वीडियो में एक महिला नर्मदा नदी में पानी पर चलते हुए नजर आ रही हैं। पानी पर चलता देख लोग उसे देवी समझने लगे। पानी पर चलने का दृश्‍य देखकर हजारों लोगों की भीड़ महिला के पास जमा हो गई। लोग देवी मानकर उसकी पूजा करने लगे। चारों तरफ चमत्‍कार की अफवाह फैल गई। लेकिन जब महिला ने खुद इस सच्‍चाई के बारे में बताया तो पूरा मामला साफ हो सका।

वेबदुनिया ने भी जब इसके बारे में पता किया और जबलपुर में स्‍थानीय पत्रकार तरुण मिश्रा से चर्चा की तो उन्‍होंने बताया कि यह महज एक अफवाह थी। उन्‍होंने बताया कि किसी ने महिला का पानी पर चलते हुए दूर से वीडियो बना लिया था, इसमें दूरी की वजह से ऐसा लगता था कि महिला पानी पर चल रही है। हालांकि ऐसा कुछ नहीं था। बाद में महिला ने भी इस बारे में स्‍थिति स्‍पष्‍ट कर दी।  

सोशल मीडिया जो ना कराये कम है.. जबलपुर में जिसे देवी मानकर पूज रहे थे,उसने खोली हकीकत...नर्मदा परिक्रमा पर निकली बुजुर्ग महिला ने कहा कि वह कोई देवी नहीं है.पानी मे चलने का वीडियो भ्रामक है जहाँ वो चल रही थी वहाँ पानी ही कम था.. @ABPNews @vivekbajpai84 @ajay_media @Anurag_Dwary pic.twitter.com/qV1q71ccqu

— Brajesh Rajput (@brajeshabpnews) April 9, 2023
अफवाह जब दूर तक फैल गई और हजारों लोग महिला को देवी मानकर उसकी पूजा और दर्शन करने के लिए जमा होने लगे तो महिला ने बताया कि वो कोई देवी नहीं है। उसने बताया है कि वह नर्मदा परिक्रमा यात्रा कर रही हैं। उसने बताया कि जब वो परिक्रमा के बाद नर्मदा में स्नान कर बाहर निकल रही थी, तो कुछ लोगों ने उसका वीडियो बना लिया। उसने अपना नाम ज्योति रघुवंशी बताया और बताया कि वो 51 साल की है। उसने बताया कि वो एक साधारण इंसान हैं। उनके पास ना तो कोई चमत्कारिक शक्ति है और ना ही उन्हें कोई सिद्धियां प्राप्त हैं। पानी पर चलने की अफवाहों को गलत बताते हुए उन्होंने कहा कि जहां पानी कम होता है, वे वहां से निकलती हैं। गहरे पानी में नहीं चलती हैं। उसने बताया कि नदी में जिस जगह वो चल रही थी, वहां पानी कम ही था। लेकिन लोगों ने वीडियो में इसे पानी पर चलना बताकर वायरल कर दिया।

बता दें कि मीडिया में आई जानकारी के मुताबिक महिला के परिवार के लोगों ने भी उसके देवी होने से इनकार किया है। परिजनों ने बताया है कि महिला का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। इतना ही नहीं, वह पिछले कुछ महीनों से घर से गायब थी। वे उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच यह वीडियो सामने आ गया।

इससे पहले महिला के वायरल वीडियो को लेकर तरह-तरह के दावे किए जा रहे थे। ग्रामीणों ने दावा किया था कि वह पानी पर चलकर नर्मदा नदी को पैदल ही पार कर लेती हैं। यह भी कहा गया था कि वे जब नर्मदा स्नान करती हैं तो पानी से उनका शरीर गीला नहीं होता। लेकिन अब महिला के खुलासे के बाद इस अफवाह की पोल खुल गई है।
Edited by navin rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी