PM ने कहा था कि मुझे माफ नहीं किया जाएगा, टिकट कटने पर बोलीं साध्वी प्रज्ञा

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

सोमवार, 4 मार्च 2024 (08:41 IST)
BJP Candidate List 2024: लोकसभा प्रत्याशियों (Lok Sabha Candidate) की पहली सूची भाजपा ने शनिवार को जारी कर दी। भाजपा की इस लिस्ट से जहां कुछ नेताओं के घरों और कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। वहीं, कई वर्तमान सांसदों के घर पर सन्नाटा छाया हुआ है। इस बीच भोपाल से साध्वी प्रज्ञा का बयान सामने आया है।

अपने विवादास्पद बयानों के लिए जाने जाने वाली भोपाल से लोकसभा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर का भाजपा ने इस बार उनका टिकट काट दिया है। उनके स्थान पर भोपाल के पूर्व मेयर आलोक शर्मा को टिकट मिला है।

क्यों कटा प्रज्ञा का टिकट : बता दें कि भोपाल से लोकसभा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर की जगह भोपाल के पूर्व मेयर आलोक शर्मा को टिकट मिला है। दरअसल, सांसद बनने के बाद प्रज्ञा ठाकुर लगातार अपने बयानों को लेकर विवादों में रही थी। प्रज्ञा ने संसद में नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा था। उनके इस बयान के बाद खुद प्रधानमंत्री ने उनकी आलोचना की थी और कहा था कि उन्हें कभी भी दिल से माफ नहीं कर पाऊंगा।

शहीद हेमंत करकरे पर बयान :  इसके साथ ही मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए हेमंत करकरे की मौत को लेकर भी प्रज्ञा ने कहा था कि उनके श्राप के कारण ही पूर्व एटीएस प्रमुख हेमंत करकरे की मौत हुई थी। इसके अलावा एक बार उन्होंने अपने विवादित बयान में कहा था कि वो सांसद शौचालय और नाला साफ करने के लिए नहीं बनीं हैं। इसके अलावा बताया जाता है कि पार्टी कार्यकर्ता भी उनसे नाराज़ थे, क्योंकि वह कथित तौर पर स्थानीय कार्यक्रमों पर ध्यान नहीं दे रही थीं।

भाजपा ने लगातार तीसरी बार भोपाल संसदीय सीट से मौजूदा सांसद की जगह नए चेहरों को मैदान में उतारा है। आलोक शर्मा हाल ही में विधानसभा का चुनाव हार चुके हैं। उनको पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का बेहद करीबी माना जाता है। शर्मा इससे पहले पार्षद, महापौर और 2 दफे विधायक का चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि, उन्होंने विधानसभा चुनाव में कभी भी सफलता हाथ नहीं लगी। वे अब तक सिर्फ पार्षद और मेयर के चुनाव ही जीत पाए हैं। 2023 विधानसभा चुनावों में भोपाल उत्तर सीट से उन्हें कांग्रेस उम्मीदवार आतिफ अकील ने 27086 वोटों से हार का सामना करना पड़ा था।
Edited By Navin Rangiyal

वेबदुनिया पर पढ़ें