महिला दिवस पर पीएम मोदी का तोहफा, 100 रुपए सस्ता हुआ गैस सिलेंडर

वेबदुनिया न्यूज डेस्क

शुक्रवार, 8 मार्च 2024 (08:56 IST)
LPG Gas cylinder : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को महिला दिवस पर महिलाओं को तोहफा देते हुए गैस सिलेंडर 100 रुपए सस्ता करने का ऐलान किया।
 
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि आज महिला दिवस पर, हमारी सरकार ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 100 रुपए की कटौती करने का फैसला किया है। इससे देश भर के लाखों परिवारों पर वित्तीय बोझ काफी कम हो जाएगा, विशेष रूप से हमारी नारी शक्ति को लाभ होगा।
 
उन्होंने कहा कि रसोई गैस को और अधिक किफायती बनाकर, हमारा लक्ष्य परिवारों की भलाई का समर्थन करना और एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करना भी है। यह महिलाओं को सशक्त बनाने और उनके लिए 'जीवनयापन में आसानी' सुनिश्चित करने की हमारी प्रतिबद्धता के अनुरूप है।
 
उल्लेखनीय है कि मोदी सरकार ने गुरुवार को ही उज्ज्वला योजना के तहत गरीब महिलाओं को 300 रुपए प्रति सिलेंडर की सब्सिडी एक अप्रैल से शुरू अगले वित्त वर्ष तक के लिए बढ़ा दी।
 
पिछले साल अक्टूबर में प्रति वर्ष 12 एलपीजी सिलेंडर भराने तक 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर पर सब्सिडी 200 रुपए से बढ़ाकर 300 रुपए प्रति सिलेंडर कर दी गयी थी। 300 रुपए प्रति सिलेंडर सब्सिडी चालू वित्त वर्ष के लिए थी, जो 31 मार्च को समाप्त हो रही है। 
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी