बिशन सिंह बेदी के निधन पर PM मोदी ने जताया शोक, बोले- भावी पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे...

सोमवार, 23 अक्टूबर 2023 (20:23 IST)
Greatest spinner Bishan Singh Bedi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के देश के महानतम स्पिनर बिशन सिंह बेदी के निधन पर शोक जताया और कहा कि वह क्रिकेटरों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे।
 
मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, जाने-माने क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी के निधन से गहरा दुख हुआ। खेल के लिए उनका जुनून अटूट था और उनके उत्कृष्ट गेंदबाजी प्रदर्शन ने भारत को कई यादगार जीत दिलाई। वह क्रिकेटरों की भावी पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदना।
 
बेदी का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को दिल्ली में निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। बेदी का जन्म 1946 में अमृतसर में हुआ था। उन्होंने भारत के लिए 67 टेस्ट खेले और 266 विकेट लिए। उन्होंने पारी में 14 बार पांच विकेट और मैच में एक बार 10 विकेट चटकाने का कारनामा किया।
 
वह भारतीय क्रिकेट के स्पिनरों की उस स्वर्णिम चौकड़ी का हिस्सा थे जिसमें उनके अलावा इरापल्ली प्रसन्ना, भागवत चंद्रशेखर और श्रीनिवास वेंकटराघवन शामिल थे। वह 1966 और 1978 के बीच एक दशक से अधिक समय तक भारत की गेंदबाजी इकाई का प्रमुख हिस्सा रहे।
 
बेदी 1990 में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड दौरे के दौरान कुछ समय के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के मैनेजर थे। वह राष्ट्रीय चयनकर्ता होने के साथ मनिंदर सिंह और मुरली कार्तिक जैसे कई प्रतिभाशाली स्पिनरों के गुरु भी थे। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी बेदी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह लोगों की यादों में एक ऐसे ‘चतुर गेंदबाजी के मास्टर’ के रूप में जीवित रहेंगे, जो पिच पर अपनी गेंदबाजी से जादू बिखेर सकता था।
 
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, महान स्पिनर और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान बिशन सिंह बेदी के निधन से गहरा दुख हुआ। बेदी न केवल क्रिकेट की दुनिया में अपने योगदान के माध्यम से बल्कि चतुर गेंदबाजी के मास्टर के रूप में भी हमारी यादों में रहेंगे, जो पिच पर जादू बिखेर सकते थे। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के सदस्यों और उनके प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।
 
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी बेदी के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका शानदार करियर भारतीय क्रिकेट की प्रगति के लिए उनकी प्रतिबद्धता से भरा रहा। नड्डा ने कहा, भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी जी के निधन से गहरा दुख हुआ।
 
उन्होंने कहा, उन्हें एक एथलीट के रूप में उनकी क्रिकेट प्रतिभा से परे गहन खेल भावना और नेतृत्व कौशल के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।(भाषा)
Edited By : Chetan Gour 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी