कालाधन मुद्दे पर राहुल ने साधा मोदी पर निशाना

गुरुवार, 29 जनवरी 2015 (22:38 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कालाधन वापस लाने के जोरशोर से किए गए अपने वादे को पूरा करने में तो वे असफल रहे लेकिन उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की भारत यात्रा के दौरान दस लाख रुपए मूल्य का सूट पहना।
 
राहुल गांधी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर परमाणु करार गतिरोध को सुलझाने में अमेरिका के समक्ष झुकने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि परमाणु संयत्र में किसी तरह की दुर्घटना होने के मामले में अमेरिकी कंपनी को मुआवजा नहीं देना पड़ेगा।
 
कांग्रेस नेता ने कहा, उन्होंने (मोदी ने) कहा था, मैं करोड़ों का कालाधन वापस लाऊंगा, हरेक के खाते में पंद्रह लाख रुपए जमा करूंगा। मैं आपसे पूछना चाहता हूं, क्या आपको पंद्रह लाख रुपए मिले? आपको कुछ नहीं मिला, लेकिन मोदी ने ओबामा की यात्रा के दौरान 10 लाख रुपए कीमत का सूट पहना। 
 
हैदराबाद हाउस में रविवार को ओबामा के साथ बातचीत के दौरान मोदी ने बंद गले का जो सूट पहना था उस पर कढ़ाई के जरिए महीन अक्षरों में प्रधानमंत्री का नाम लिखा था। इसको लेकर सोशल मीडिया में बहस छिड़ गई थी।
 
परमाणु करार के मुद्दे पर कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा, अगर किसी परमाणु संयत्र में कोई समस्या होती है तो अमेरिकी कंपनी को भुगतान नहीं करना पड़ेगा और भारत सरकार मुआवजे का भुगतान करेगी।

राहुल गांधी ने मोदी पर उनके स्वच्छ भारत अभियान को लेकर भी कटाक्ष किया और कहा कि प्रधानमंत्री महंगाई और रोजगार जैसी समस्या को सुलझाने में सफल नहीं हुए हैं। 
 
उन्होंने कहा, जब आप रोजगार की मांग करेंगे और महंगाई को कम करने की मांग करेंगे तो वह आपको एक झाडू थमा देंगे और कहेंगे कि भारत को स्वच्छ बनाओ। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन करने की अपील करते हुए आश्चर्य जताया कि भाजपा दिल्ली में क्या बदलाव लाएगी जबकि पार्टी पहले से ही दिल्ली का शासन कर रही है क्योंकि यहां राष्ट्रपति शासन लागू है।
 
अरविंद केजरीवाल और किरण बेदी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि अन्ना हजारे के नेतृत्व में भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में जो लोग थे, वो अब आप और भाजपा दोनों में हैं, जो सुबह में लोदी पार्क में मिला करते थे और योजना बनाते थे (कांग्रेस पर हमला करने की)। 
 
राहुल ने कहा, उन्होंने बड़े-बड़े वादे किए थे, जनलोकपाल। उन्होंने कहा था कि अगर जनलोकपाल आया तो भ्रष्टाचार समाप्त हो जाएगा। जनलोकपाल आया, क्या भ्रष्टाचार रूक गया। उन्होंने बिजली-पानी की बात की। उन्होंने कहा था कि वे बिजली-पानी की कीमतों में कमी करेंगे लेकिन क्या उन्होंने की? 
 
उन्होंने भाजपा सरकार पर यह आरोप भी लगाया कि उसने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई महत्वपूर्ण कमी का लाभ जनता को नहीं पहुंचाया। उनका यह भी आरोप था कि जब कभी भी चुनाव होने होते हैं, भाजपा दंगे भड़काती है। (भाषा)  

वेबदुनिया पर पढ़ें