Rahul Gandhi news in hindi : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कोलंबिया के ईआईए विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग छात्रों को संबोधित करते हुए भारत में लोकतंत्र पर हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने मोदी सरकार को घेरते हुए कहा है कि भारत के लिए सबसे बड़ा खतरा लोकतंत्र पर हमला है। उन्होंने चीन को अमेरिका का दोस्त बताया। भाजपा ने राहुल पर पलटवार करने में देर नहीं की।
राहुल ने कहा कि भारत में अनेक धर्म, परंपराएं और भाषाएं हैं। एक लोकतांत्रिक व्यवस्था सभी के लिए जगह प्रदान करती है। लेकिन इस समय, लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हर तरफ से हमला हो रहा है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि चीन हमारा पड़ोसी और अमेरिका का घनिष्ठ साझेदार है। हम बिल्कुल उस जगह पर बैठे हैं जहां ताकतें आपस में टकरा रही हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ध्रुवीकरण अभियान ज्यादातर बेरोजगारों पर केंद्रित है।
उन्होंने कहा कि भारत में आर्थिक विकास के बावजूद, हम रोजगार प्रदान करने में असमर्थ हैं क्योंकि हमारी अर्थव्यवस्था सेवा-आधारित है और हम उत्पादन करने में असमर्थ हैं। अमेरिका में, ट्रंप के साथ ध्रुवीकृत ज्यादातर लोग वे हैं जिन्होंने विनिर्माण क्षेत्र में अपनी नौकरियां खो दी हैं। चीन ने एक गैर-लोकतांत्रिक माहौल में उत्पादन का प्रदर्शन किया है, लेकिन हमें एक लोकतांत्रिक ढांचे की जरूरत है। इसलिए, चुनौती एक लोकतांत्रिक माहौल में उत्पादन का एक ऐसा मॉडल विकसित करने की है जो चीन से मुकाबला कर सके।
वैश्विक परिदृश्य में भारत की बढ़ती प्रासंगिकता पर एक सवाल के जवाब राहुल गांधी ने कहा कि भारत में 1.4 अरब लोगों के साथ जबरदस्त क्षमता है। लेकिन भारत की प्रणाली चीन से पूरी तरह अलग है। चीन बहुत केंद्रीकृत और एकरूप है। भारत विकेंद्रीकृत है और यहां अनेक भाषाएं, संस्कृतियां, परंपराएं और धर्म हैं। भारत की प्रणाली बहुत अधिक जटिल है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत दुनिया को बहुत कुछ दे सकता है और वह बेहद आशावादी हैं। लेकिन साथ ही, भारतीय ढांचे में भी कुछ खामियां हैं। कुछ जोखिम हैं जिनसे भारत को पार पाना होगा। सबसे बड़ा जोखिम लोकतंत्र पर हो रहा हमला है। भारत अपने सभी लोगों के बीच संवाद का केंद्र है। विभिन्न परंपराओं, धर्मों और विचारों को जगह की जरूरत होती है।
क्या बोली भाजपा : भाजपा भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कोलंबिया में दिए गए हालिया बयानों पर कहा कि अच्छा होता अगर उन्होंने भारत के लोगों को विजयादशमी के शुभ अवसर पर शुभकामनाएं दी होतीं, लेकिन वे भारत पर हमला कर रहे हैं, वे देश में भी ऐसा ही करते हैं और विदेश में भी।
कोलंबिया में उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र नहीं है, लोगों को बोलने की आजादी नहीं है, अगर कोई व्यक्ति देश के विकास, भाजपा, प्रधानमंत्री मोदी को सबसे ज्यादा आजादी से गाली देता है तो वह राहुल गांधी हैं, इसलिए उन्हें देश के खिलाफ बोलने का कोई अधिकार नहीं है। वे भारत और विदेश में निराधार बातें करते हैं। अगर आप विदेश में भारत का अपमान करते हैं तो समझ लीजिए कि आपको देश में मिली सीटें भी नहीं मिलेंगी... हम उनके बयान की कड़ी निंदा करते हैं।