राहुल गांधी की नरेन्द्र मोदी को नसीहत

रविवार, 8 नवंबर 2015 (16:24 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में महागठबंधन की जीत को अहंकार पर विनम्रता की विजय बताया और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ खिलाफ राज्य की जनता का फैसला है।
 
गांधी ने बिहार चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए रविवार को यहां पार्टी मुख्यालय में कहा कि यह अहंकार पर सादगी की, घृणा पर प्रेम की तथा लोगों को बांटने पर एकता की जीत है। 
 
उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए एक संदेश है। यह जीत राजग के विरुद्ध नहीं है बल्कि मोदी, भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के खिलाफ है।
 
राहुल ने कहा कि मोदी को यह समझ लेना चाहिए कि हिन्दू को मुसलमान से लड़ाकर चुनाव नहीं जीते जा सकते। उन्होंने राज्य की जनता, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव तथा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं को इस जीत के लिए बधाई दी। उल्लेखनीय है कि कांग्रेस इस चुनाव में जदयू और राष्ट्रीय जनता दल के साथ महागठबंधन का हिस्सा है।
 
गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन की जीत के लिए राज्य की जनता को बधाई देते हुए इसे अहंकार पर विनम्रता की जीत बताया है। (वार्ता)

वेबदुनिया पर पढ़ें