राहुल गांधी ने किया 'वंदे मातरम्' का अपमान, वीडियो पर बवाल
शनिवार, 28 अप्रैल 2018 (07:48 IST)
बंतवाल। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की यहां एक रैली में उनके द्वारा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम' का 'अपमान' करने वाला एक वीडियो सामने आने के बाद बवाल मच गया।
वीडियो में मंच पर बैठे राहुल कर्नाटक के कांग्रेस महासचिव के. सी वेणुगोपाल की तरफ अपनी घड़ी दिखाते हुए इशारा कर रहे हैं, जिससे लग रहा है कि वे कह रहे हों कि कार्यक्रम जल्द खत्म करें।
राहुल मंच पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठे दिख रहे हैं। इसके बाद एक व्यक्ति वहां वंदे मातरम् गा रहे गायक से जाकर कहता है कि वह (वंदे मातरम्) की केवल एक लाइन गाकर गीत खत्म करे।
In 1937, Nehru dropped last 3 stanzas of the Vande Mataram just to pacify Jinnah who said the song irks the Muslims
Today, RG asked to cut it to just one line, reminding us of INC's total disregard for the song
भाजपा ने इसके लिए राहुल की आलोचना करते हुए कहा कि उनके मन में राष्ट्रगीत के लिए सम्मान नहीं है, जबकि कांग्रेस ने इस आरोप को खारिज करते हुए इसे पूरी तरह गलत बताया।
एक स्थानीय टीवी चैनल के कथित घटना का वीडियो दिखाए जाने के बाद भाजपा ने अपने ट्विटर पेज पर लिखा, 'उनके मने में राष्ट्रगीत के लिए सम्मान नहीं है। हम उनसे क्या उम्मीद करें।'
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार ने ट्वीट कर कहा कि हमारे जैसे आम भारतीय 'जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी' कहा करते हैं, जबकि अहंकारी, अनजान वंशवादी वंदे मातरम् जल्द खत्म करने को कहते हैं।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि यही कारण है कि हम उन्हें शहजादा कहते हैं। उन्होंने ट्वीट किया, 'इस देश को परिवार की संपत्ति मानते हैं। क्या उनकी इच्छा से राष्ट्र गीत में संशोधन किया जा सकता है।'
भाजपा के एक अन्य नेता डीवी सदानंद गौड़ा ने कहा कि राहुल के मन में राष्ट्र गीत के लिए सम्मान नहीं है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने इस आरोप को पूरी तरह से झूठा बताते हुए खारिज कर दिया और इसे फर्जी वीडियो बताया। (भाषा)
वीडियो सौजन्य : ट्विटर