राहुल गांधी ने शुरू किया भारत जोड़ो यात्रा 2.0 पर काम, जानिए क्या है कांग्रेस का प्लान

बुधवार, 15 फ़रवरी 2023 (12:38 IST)
नई दिल्ली। कन्याकुमारी से कश्मीर तक निकाली गई भारत जोड़ो यात्रा की सफलता से उत्साहित पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अगली यात्रा के प्लान पर काम शुरू कर दिया है। इसे भारत जोड़ो यात्रा 2.0 कहा जा रहा है।
 
इस बार यात्रा पूरब से पश्चिम तक निकाली जाएगी। भारत जोड़ो यात्रा के पहले संस्करण की तरह इसमें भी महात्मा गांधी से कनेक्शन जोड़ने का प्लान है। कहा जा रहा है कि यह यात्रा अरुणाचल प्रदेश के परशुराम कुंड से शुरू होकर गुजरात के पोरबंदर पर खत्म होगी।
 
पौराणिक ग्रंथों के अनुसार, परशुराम कुंड भगवान परशुराम से जुड़ा है, जिन्हें भगवान विष्णु का छठा अवतार माना जाता है। वहीं पोरबंदर महात्मा गांधी का जन्मस्थल है। रायपुर में 24 से 26 फरवरी तक होने वाले कांग्रेस के सम्मेलन के बाद राहुल की इस यात्रा को अंतिम रूप दिए जा सकता है।
 
कांग्रेस हल्कों में माना जा रहा है कि यात्रा से पार्टी को खासा फायदा हुआ है। राहुल गांधी की छवि भी यात्रा के बाद काफी सुधरी है। ऐसे में पार्टी 2024 के मध्य में होने वाले लोकसभा चुनाव तक इस माहौल को बनाए रखना चाहती है। इसी कड़ी में कांग्रेस ने 26 जनवरी से पूरे देश में 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान शुरू किया है जो 26 मार्च तक चलेगा। इसके बाद ही यात्रा का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा।
Edited by : Nrapendra Gupta 

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी