राहुल गांधी ने रोकी ‘भारत जोड़ो यात्रा’, एम्बुलेंस को दिया रास्ता

शनिवार, 24 दिसंबर 2022 (11:15 IST)
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को यहां अपोलो अस्पताल के पास एक एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कुछ देर के लिए रोक दी। एम्बुलेंस को जाने देने के लिए राहुल कुछ देर सड़क पर रुके रहे। उन्होंने साथी यात्रियों से भी एम्बुलेंस को रास्ता देने के लिए कहा।
 
यह घटना राष्ट्रीय राजधानी में अपोलो अस्पताल के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे हुई। एंबुलैंस रवाना होने के बाद राहुल एक बार फिर अपने सफर पर चल पड़े।
 
सोनिया-प्रियंका भी यात्रा में शामिल : कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी शनिवार को दिल्ली में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुईं और थोड़ी दूर तक राहुल गांधी के साथ चलीं। सुबह में विश्राम के लिए यात्रा के यहां आश्रम चौक पहुंचने से पहले सोनिया गांधी ने चेहरे पर मास्क लगाकर अपने बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ कुछ मिनट तक चहलकदमी की।
 
यह दूसरी बार है, जब पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कन्याकुमारी से सितंबर में शुरू हुई इस पदयात्रा में हिस्सा लिया है। वह इससे पहले अक्टूबर में कर्नाटक में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुई थीं।
 
बदरपुर के रास्ते दिल्ली पहुंची यात्रा : राहुल के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ ने सुबह हरियाणा के बदरपुर बॉर्डर से दिल्ली में प्रवेश किया। यह यात्रा दिल्ली में बदरपुर बॉर्डर से 23 किलोमीटर की दूरी तय करेगी और लाल किले के पास समाप्त हो जाएगी। इस दौरान यह आश्रम चौक, निजामुद्दीन, इंडिया गेट, आईटीओ, लाल किला और राज घाट से होकर गुजरेगी। लाल किले की ओर बढ़ने से पहले यात्रा ने आश्रम चौक पर दो घंटे का विश्राम लिया है।
 
सड़कों पर लगा जाम : कांग्रेस नेता राहुल गांधी की अगुवाई में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के शनिवार सुबह दिल्ली में प्रवेश करने पर शहर के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में यातायात प्रभावित रहा। जब यात्रा मथुरा रोड, इंडिया गेट और आईटीओ के रास्ते लाल किले की ओर आगे बढ़ेगी, तब मध्य दिल्ली के कई हिस्सों में यातायात बाधित होने की आशंका है। यातायात पुलिस ने उन मार्गों को लेकर शुक्रवार को लोगों के लिए परामर्श जारी किया था, जिनके ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के कारण अवरुद्ध होने की आशंका है।
 
‘भारत जोड़ो यात्रा’ पहले ही लगभग 3,000 किलोमीटर की दूरी तय कर चुकी है। जनवरी के अंत में जम्मू-कश्मीर में समाप्त होने से पहले यह 12 राज्यों में कुल 3,570 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी