Bharat Jodo Yatra में लूना को साथ लेकर चले राहुल गांधी, प्रियंका ने कहा- हुआ अपहरण

शनिवार, 7 जनवरी 2023 (15:16 IST)
करनाल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा करनाल के कोहंड से शुरू हुई। यात्रा में कांग्रेस नेता कुमारी शैलजा और बॉक्सर विजेंद्र सिंह पहुंचे। राहुल गांधी की यात्रा के चलते जीटी रोड पर 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। भारत जोड़ो यात्रा में डॉग लूना भी शामिल हुआ।
यात्रा में शामिल लुना सोशल मीडिया पर सनसनी बन गया। राहुल गांधी ने यात्रा में अपनी बहन प्रियंका के डॉग लूना को भी साथ लिया। प्रियंका ने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। इसे लेकर उन्होंने ट्‍विटर पर मजेदार कमेंट भी किया।

प्रियंका गांधी ने अपने ट्विटर अकाउंट पर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक तस्वीर शेयर कर लिखा- मैं देख रही हूं कि लूना का अपहरण कर लिया गया है!" और तस्वीर पर लिखा, "हम्म्म... मुझे अपनी यात्रा में आमंत्रित करने में आपको सौ दिन से ज्यादा का समय लगा, लेकिन ठीक है... अब मैं यहां हूं।  कुत्ते निस्संदेह मनुष्य के सबसे अच्छे दोस्त होते हैं क्योंकि वे हमें बिना शर्त प्यार देते हैं और यह भावना पारस्परिक है। प्रियंका ने इसी भाव से ये पोस्ट किया।

I see Luna has been kidnapped! pic.twitter.com/fpPNuXTaJP

— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) January 7, 2023
 
भाजपा सरकार पर साधा निशाना : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा की सरकार में हरियाणा ‘बेरोजगारी का चैम्यिपन’ बन गया है और इस प्रदेश में युवाशक्ति जाया हो रही है।
 
उन्होंने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के तहत यहां आयोजित जनसभा में यह भी कहा कि यह यात्रा पूरे देश को जोड़ रही है और करोड़ों लोग अब ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोल रहे हैं।
 
राहुल गांधी ने दावा किया कि जितना धन आधे हिंदुस्तान के हाथ में है, उतना धन सबसे अमीर 100 लोगों के पास है। क्या आपको इसमें न्याय दिखाई देता है? आज दो हिंदुस्तान बन गए हैं। एक हिंदुस्तान किसान, मजदूर, छोटे दुकानदारों और बेरोजगार युवाओं का है। इसमें करोड़ों लोग रहते हैं। दूसरा हिंदुस्तान 200-300 लोगों का है जिनके पास पूरा का पूरा धन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी जी ने नोटबंदी की और गलत जीएसटी को लागू किया। ये कोई नीतियां नहीं थीं, बल्कि छोटे और मध्यम व्यापारों को खत्म करने के हथियार थे। इन दो हथियारों ने छोटे और मझोले व्यापारियों की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी’.
 
राहुल गांधी ने हरियाणा में बेरोजगारी की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि आज 21वीं सदी में हरियाणा बेरोजगारी का चैम्पियन है। आज बेरोजगारी 38 प्रतिशत है। यह कोई खुशी की बात नहीं है। हरियाणा में युवाशक्ति जाया हो रही है।
 
उन्होंने सेना में अल्पकालिक भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘ये (भाजपा) कहते हैं कि हम देशभक्त हैं। मुझे इनकी देशभक्ति समझाओ।
 
राहुल गांधी ने कहा कि हिंदुस्तान में लाखों युवा सुबह चार बजे उठकर दौड़ लगाते हैं और ये युवा तिरंगा की रक्षा करने का सपना देखते हैं... पहले हर साल 80 हजार युवा सेना के लिए चयनित होते थे। वे अलग अलग राज्यों में तैनात होते थे। ये जवान अपनी पूरी जिंदगी देश के लिए लगाते थे, सीमा पर खड़े होते थे, उसकी निगरानी करते थे। देश की खातिर अपना खून देने के लिए ये युवा सेना में भर्ती होते थे।
 
उन्होंने कहा कि पहले युवाओं को सेना में भर्ती होने पर उचित प्रशिक्षण और 15 साल की सेवा और सेवानिवृत्ति के बाद यथोचित सुविधा का वादा किया जाता था लेकिन ‘अग्निपथ’ योजना ने इन वादों को तोड़ दिया है। एजेंसियां Edited by Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी