राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों से बैरभाव नहीं रखें : राजनाथ

शुक्रवार, 14 नवंबर 2014 (16:44 IST)
नई दिल्ली। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को शुक्रवार को निशाने पर लेते हुए कहा कि किसी नेता को अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों के विरुद्ध शत्रुता भाव नहीं रखना चाहिए और दलों को लोगों के मन में भय की भावना नहीं पैदा करनी चाहिए।

 
पंडित जवाहरलाल नेहरू की 125वीं जयंती के अवसर पर यहां आयोजित एक समारोह में उन्होंने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री अपने राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ बैरभाव नहीं रखते थे और यहां तक कि उन्होंने 1963 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को गणतंत्र दिवस परेड में आमंत्रित किया था।

गृहमंत्री ने कहा कि हमें अपने राजनीतिक विरोधियों के विरुद्ध कभी भी बुरी भावना नहीं रखनी चाहिए। हमें लोगों के मन में दहशत नहीं पैदा करनी चाहिए। हमें अनावश्यक बयान देकर भय का वातावरण नहीं बनाना चहिए। हमें लोगों के बीच विश्वास का वातावरण बनाना चाहिए। सभी राजनीतिक दलों को इस दिशा में काम करना चाहिए।

बाद में जब उनसे उनके इस बयान के बारे में पूछा गया तो उन्होंने गुरुवार को पंडित नेहरू की जयंती पर ही आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में कांग्रेस उपाध्यक्ष के दिए बयानों का उल्लेख किया।

राहुल ने उस कार्यक्रम में कहा था कि इन दिनों ‘क्रुद्ध’ लोग देश चला रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि ‘स्वच्छता अभियान’ का फोटो छपवाने के लिए इस्तेमाल हो रहा है।

उन्होंने कहा था कि इन दिनों प्रेम और भाईचारे की बुनियाद ढहाई जा रही है। एक तरफ घरों को रंगा जा रहा है और सड़कों की सफाई हो रही है। फोटो छपवाने के लिए हो रहा है, दूसरी ओर जहर फैलाया जा रहा है। बुनियाद को ही कमजोर किया जा रहा है। (भाषा)

वेबदुनिया पर पढ़ें