Army Truck Accident : लेह में सैनिकों की मौत पर क्या बोले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह

शनिवार, 19 अगस्त 2023 (23:35 IST)
Army Truck Accident :  केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लेह जिले में शनिवार को सेना के एक वाहन के सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से नौ सैनिकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिणी लद्दाख के न्योमा के कियारी के पास हुई।
 
लेह के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीडी नित्या ने कहा कि सेना के वाहन में 10 जवान सवार थे और यह वाहन लेह से न्योमा की ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि रास्ते में वाहन के चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और वाहन शाम 4.45 बजे खाई में गिर गया।
 
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लेह में एक सड़क दुर्घटना में नौ सैनिकों की मृत्यु होने पर दुख व्यक्त किया। रक्षामंत्री सिंह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि लद्दाख में लेह के पास एक दुर्घटना में भारतीय सेना के जवानों की मौत से दुखी हूं। हम राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलेंगे।
 
सिंह ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले और घायल हुए सैनिकों की संख्या का उल्लेख किए बिना कहा कि मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल कर्मियों को फील्ड अस्पताल ले जाया गया है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
 
एसएसपी नित्या ने बताया कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी घायल सैनिकों को सेना की चिकित्सा इकाई ले जाया गया जहां आठ कर्मियों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि बाद में एक और जवान की मौत हो गई। अधिकारी ने कहा कि एक अन्य जवान का उपचार चल रहा है और उसकी हालत 'गंभीर' बताई गई है।
 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जवानों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि लद्दाख में दुखद सड़क दुर्घटना से गहरा दुख हुआ, जिसमें हमने अपने बहादुर सैनिकों को खो दिया, क्योंकि उनका वाहन खाई में गिर गया।
 
उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया कि दुख की इस घड़ी में पूरा देश शोक संतप्त परिवारों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। (भाषा) Edited By : Sudhir Sharma

वेबदुनिया पर पढ़ें

सम्बंधित जानकारी